धनतेरस पर भोपाल-ग्वालियर से लेकर इंदौर-उज्जैन तक कहां करें खरीददारी? जानिए MP के सबसे खास बाजार
भोपाल, ग्वालियर से लेकर इंदौर और उज्जैन तक धनतेरस की खरीदारी के लिए कई बेहतरीन बाजार मौजूद हैं. यहां आपको बर्तनों और आभूषणों से लेकर कपड़ों तक कई तरह की चीजें मिल जाएंगी.
रोशनी के त्योहार दिवाली के आगमन के साथ ही पूरे मध्य प्रदेश में उत्सव का माहौल छा गया है. धनतेरस जो धन, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का प्रतीक है इस साल 6 नवंबर को मनाया जाएगा. राज्य भर के बाजारों में एक बार फिर रौनक लौट आई है और हर जगह खरीदारी को लेकर काफी उत्साह देखा जा सकता है. अगर आप खरीदारी के लिए कोई अच्छी जगह तलाश रहे हैं, तो आप इन बाजारों में जा सकते हैं. यहां हम भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन के सबसे बेहतरीन बाजारों के बारे में बता रहे हैं.
ये हैं भोपाल के बेस्ट बाजार
अगर आप भोपाल में धनतेरस की खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं, तो आप चौक बाजार, सराफा बाजार, न्यू मार्केट और बिट्टन मार्केट जा सकते हैं. इन जगहों पर आपको कई तरह की चीजें मिल जाएंगी. भोपाल का सबसे पुराना बाजार चौक बाजार है, जो बर्तन खरीदने के लिए सबसे अच्छी जगह है. सोने-चांदी के गहने खरीदने के लिए सराफा बाजार को सबसे सही जगह माना जाता है. कपड़ों की खरीदारी के लिए न्यू मार्केट सबसे अच्छा विकल्प है. बिट्टन मार्केट युवाओं और परिवारों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां आपको डिजाइनर साड़ियां, फैंसी एक्सेसरीज और घर का सामान आसानी से मिल जाएगा.
इंदौर के फेमस बाजारों के नाम
इंदौर में कई मशहूर बाजार हैं, जहां आप आसानी से धनतेरस की खरीदारी कर सकते हैं. अगर आप गहने खरीदना चाहते हैं, तो सराफा बाजार जा सकते हैं. कपड़ों, पारंपरिक चीजों या अन्य सामान के लिए आप राजवाड़ा बाजार जा सकते हैं. इसके अलावा 56 दुकान इलाके और एमजी रोड पर आपको फैशन और घर की सजावट का सामान मिल जाएगा.
ग्वालियर के फेमस मार्केट
अगर आप ग्वालियर में धनतेरस की खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं, तो बाड़ा (महाराज बाड़ा) हर तरह की खरीदारी के लिए एक बेहतरीन जगह है. कपड़ों और एक्सेसरीज के लिए आप टोपी बाजार जा सकते हैं, जबकि बर्तनों और सजावटी सामान के लिए पाटनकर बाजार एक अच्छी जगह है.
उज्जैन के फेमस मार्केट
इसके अलावा उज्जैन में कई ऐसे बाजार हैं जहां आप धनतेरस की खरीदारी कर सकते हैं. पूजा-पाठ की सामग्री और बर्तनों के लिए गोपाल मंदिर मार्ग, ट्रेंडी कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए फ्रीगंज बाजार और गहनों व कपड़ों के लिए सती गेट सबसे अच्छी जगहें हैं.
यह भी पढ़ें: दीपावली पर इंदौर से घर जाना महंगा, बस का किराया 2.5 गुना बढ़ा, फ्लाइट टिकट 20 हजार तक पहुंचा
इस धनतेरस पर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन के बाजार खरीदारों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह सज-धज कर तैयार हैं. चाहे आप रसोई का सामान, सोने-चांदी के गहने या फिर ट्रेंडी कपड़े ढूंढ़ रहे हों, यहां हर पसंद और बजट के हिसाब से कुछ न कुछ मिल जाएगा.