एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रनों से परास्त कर दिया. जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हरमनप्रीत कौर की टीम ने बड़ी जीत हासिल करके फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया. अब 22 सितंबर को होने वाले गोल्ड मेडल मैच में उसका मुकाबला श्रीलंका से होगा. लंकाई टीम ने पहले सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान को हराया था. टीम इंडिया ने पिछली बार भी एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था और वह इस बार भी पहला स्थान हासिल करने के लिए तैयार है.
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन का स्कोर खड़ा किया. उसके लिए शेफाली वर्मा ने 49 गेंद पर 100 रनों की नाबाद पारी खेली. स्मृति मंधाना ने 34 और हरमनप्रीत कौर ने 40 रनों का योगदान दिया. शेफाली ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक लगाया. टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 196 रनों का टारगेट दिया.
भारत से मिले बड़े टारगेट का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम 100 रन भी नहीं बना पाई. वह 15.4 ओवर में 81 रनों पर ही सिमट गई. बांग्लादेश के लिए दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए. टीम इंडिया के लिए दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए. श्री चरणी को 2 सफलता मिली. श्रेयंका पाटिल और क्रांति गौड़ ने एक-एक विकेट अपने नाम किया. इस हार के बाद बांग्लादेश की टीम 22 सितंबर को ही फाइनल से पहले ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान से खेलेगी.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
बांग्लादेश: दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, सोभना मोस्टरी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोरना अख्तर, शर्मिन अख्तर, शंजीदा अख्तर मेघला, राबेया खान, नाहिदा अख्तर, मारूफा अख्तर, सुल्ताना खातून.
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़.