App
Live Now

SA vs ZIM: साउथ अफ्रीका की ट्राई सीरीज में लगातार दूसरी जीत, जिम्बाब्वे को हराकर हासिल किए 2 अंक

South Africa vs Zimbabwe Match: युवा सनसनी लुआन-ड्रे प्रिटोरियस की 94 रनों की तूफानी पारी और गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन की बदौलत साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 43 रनों से हरा दिया. यह ट्राई सीरीज में उसकी लगातार दूसरी जीत है.

SA vs ZIM: साउथ अफ्रीका की ट्राई सीरीज में लगातार दूसरी जीत, जिम्बाब्वे को हराकर हासिल किए 2 अंक
Image Credit: साउथ अफ्रीका बनाम जिम्बाब्वे मैच.

South Africa vs Zimbabwe 4th Match: साउथ अफ्रीका ने नामीबिया टी20 ट्राई-सीरीज के चौथे मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ 43 रनों की एक बेहद आसान और शानदार जीत दर्ज की है. मंगलवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की इस शानदार जीत के हीरो उनके युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस रहे. उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 94 रनों की पारी खेलकर इस जीत की मजबूत बुनियाद रखी.

इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 185 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. सलामी बल्लेबाज प्रिटोरियस ने केवल 51 गेंदों में 94 रनों की एक बेहद आक्रामक पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए, हालांकि वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक से महज 6 रनों से चूक गए.

ब्रेविस ने निभााया प्रिटोरियस का साथ

पारी के दौरान प्रिटोरियस को दूसरे छोर पर युवा सनसनी डेवाल्ड ब्रेविस का बेहतरीन सहयोग मिला, जिन्होंने केवल 27 गेंदों में तेज तर्रार 41 रन बनाए. इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर साउथ अफ्रीका को एक बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था, लेकिन पारी के आखिरी ओवरों में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर शानदार वापसी की और साउथ अफ्रीका को 200 रनों का आंकड़ा छूने से रोक दिया.

जिम्बाब्वे के बल्लेबाज फेल

186 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही रन गति बनाए रखने के लिए संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 17.4 ओवरों में महज 142 रनों पर सिमट गई. जिम्बाब्वे की तरफ से कप्तान सिकंदर रज़ा ने 33 गेंदों में 45 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली और न्यूमैन न्यामहुरी ने 27 रनों का योगदान दिया, लेकिन यह कोशिश टीम को हार से बचाने के लिए नाकाफी साबित हुई.

साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों का कहर

साउथ अफ्रीका की जीत में उनके गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा ब्योर्न फोर्टुइन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपनी फिरकी के जाल में जिम्बाब्वे को फंसाते हुए 3.4 ओवरों में केवल 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए. वहीं, तेज गेंदबाज डुआन जानसेन ने भी बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. इन दोनों की घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे के बल्लेबाज लगातार दबाव में बिखरते चले गए.

01 Sep 2026 22:12 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: साउथ अफ्रीका ने जीता मैच

साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच को जीत लिया है. उसने जिम्बाब्वे की टीम को 17.4 ओवर में 142 रनों के स्कोर पर समेट दिया. ब्योर्न फॉर्ट्यून ने आखिरी विकेट लिया. साउथ अफ्रीका ने इससे पहले 20 ओवर में 7 विकेट पर 185 रन बनाए थे. उसने 43 रनों से मैच को अपने नाम किया. सीरीज में साउथ अफ्रीका की ये दूसरी जीत है. उसे दोनों जीत जिम्बाब्वे के खिलाफ ही मिली है. पहले मैच में साउथ अफ्रीका को नामीबिया ने हराया था.

01 Sep 2026 21:59 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: सिकंदर रजा की पारी का अंत

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा की तूफानी पारी का अंत हो गया है. सिकंदर 33 गेंद पर 45 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए. जिम्बाब्वे का स्कोर 14 ओवर में 9 विकेट पर 109 रन है. 

01 Sep 2026 21:42 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: एक ओवर में बने 22 रन

आठ विकेट गिरने के बावजूद जिम्बाब्वे के बल्लेबाज हार नहीं मान रहे. पारी के 11वें ओवर में कप्तान सिकंदर रजा ने एन पीटर को बुरी तरह धो डाला. इस ओवर में 22 रन बने. सिकंदर ने पहली और तीसरी गेंद पर चौका लगाया. इसके बाद चौथी गेंद पर छक्का जड़ दिया. उन्होंने पांचवीं और छठी गेंद पर चौका मारा. जिम्बाब्वे का स्कोर 11 ओवर में 8 विकेट पर 89 रन है. सिकंदर रजा 25 गेंद पर 35 रन बनाकर नाबाद हैं.

01 Sep 2026 21:26 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: 10 ओवर में गिरे 8 विकेट

जिम्बाब्वे की पारी का हाल बुरा है. उसने 10 ओवर में अपने 8 विकेट गंवा दिए हैं. ब्रैड इवांस ने 9वें ओवर की पहली गेंद पर एन पीटर को आउट कर दिया. पीटर 3 गेंद पर 2 रन बनाकर क्वेना मफाका को कैच दे बैठे. इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम को आठवां झटका 10वें ओवर की चौथी गेंद पर लगा. वेलिंग्टन मसाकाद्जा 8 गेंद पर 11 रन बनाकर रन आउट हो गए. जिम्बाब्वे का स्कोर 10 ओवर में 8 विकेट पर 67 रन है.

01 Sep 2026 21:16 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: डुआन यानसेन ने बरपाया कहर

साउथ अफ्रीका के गेंदबाज डुआन यानसेन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ कहर बरपा दिया. उन्होंने छठे ओवर में एक विकेट लेने के बाद आठवें ओवर में दो विकेट अपने नाम किए. यानसेन ने पहली गेंद पर रयान बर्ल (1 रन) और दूसरी गेंद पर टी मारूमानी (0) को आउट किया. जिम्बाब्वे का स्कोर 8 ओवर में 6 विकेट पर 54 रन है. 

01 Sep 2026 20:30 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: पावरप्ले में जिम्बाब्वे ने गंवाए 4 विकेट

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पावरप्ले में जिम्बाब्वे के 4 विकेट गिर गए हैं. उसने 6 ओवर में 43 रन बना लिए हैं. कप्तान सिकंदर रजा के साथ रयान बर्ल क्रीज पर हैं. टीम को चौथे ओवर में दो झटके लगे. ब्योर्न फॉर्ट्यून ने ब्रायन बेनेट को ओपनर की पहली गेंद पर प्रिटोरियस के हाथों कैच कराया. बेनेट ने 8 गेंद पर 13 रन बनाए. इसके बाद तीसरी गेंद पर वेस्ले मधेवेरे आउट हो गए. मधेवेरे खाता नहीं खोल पाए और ईथन बॉश को कैच दे बैठे. इनोसेंट काइया छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए. डुआन यानसेन ने उन्हें बोल्ड कर दिया. काइया ने 11 गेंद पर 18 रन बनाए.

01 Sep 2026 20:18 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: 3 ओवर के अंदर जिम्बाब्वे को पहला झटका

जिम्बाब्वे की टीम ने 186 रन के टारगेट का पीछा करते हुए शुरुआत तो ताबड़तोड़ की है. उसने 3 ओवर में 1 विकेट पर 33 रन बना लिए हैं. ब्रायन बेनेट 13 और इनोसेंट काइया 12 रन बनाकर नाबाद हैं. टीम को पहला झटका बेन करन के रूप में लगा. करन 6 गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हुए. सुब्राएन की गेंद पर लुआन डी प्रिटोरियस ने उनका कैच लिया.

01 Sep 2026 20:04 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: जिम्बाब्वे की पारी शुरू

साउथ अफ्रीका से मिले 186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए जिम्बाब्वे की पारी शुरू हो गई है. ओपनर ब्रायन बेनेट और बेन करन क्रीज पर उतर गए हैं. दोनों ने पिछले मैच में नामीबिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था. अब देखना है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ किस तरह की बल्लेबाजी करते हैं.

01 Sep 2026 19:50 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: साउथ अफ्रीका ने बनाए 185 रन

साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 20 ओवर में 7 विकेट पर 185 रन बनाए. जिम्बाब्वे की टीम को 186 रनों का लक्ष्य मिला है. साउथ अफ्रीका के लिए लुआन डी प्रिटोरियस ने सबसे ज्यादा 94 रन बनाए. उन्होंने 51 गेंद की पारी में 12 चौके और 3 छक्के लगाए. डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 रनों की पारी खेली.

01 Sep 2026 19:23 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: ब्रेविस अर्धशतक से चूके

डेवाल्ड ब्रेविस की तूफानी पारी का अंत हो गया है. 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर ब्रैड इवांस ने उन्हें आउट कर दिया. ब्रेविस 27 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हो गए. वह अर्धशतक नहीं लगा पाए. उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के लगाए. साउथ अफ्रीका का स्कोर 16 ओवर में 2 विकेट पर 161 रन है. प्रिटोरियस 82 और कॉनर एस्टरहुइजेन 2 रन बनाकर नाबाद हैं.

01 Sep 2026 19:14 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: प्रिटोरियस-ब्रेविस ने मचाया धमाल

लुआन डी प्रिटोरियस और डेवाल्ड ब्रेविस ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर हमला कर दिया है. दोनों लगातार तेजी से रन बना रहे हैं. साउथ अफ्रीका ने 14 ओवर में 1 विकेट पर 139 रन बना लिए हैं. प्रिटोरियस 72 और ब्रेविस 31 रन बनाकर नाबाद हैं.

01 Sep 2026 19:03 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: प्रिटोरियस-ब्रेविस की अर्धशतकीय साझेदारी

लुआन डी प्रिटोरियस और डेवाल्ड ब्रेविस ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है. साउथ अफ्रीका ने 12 ओवर में 1 विकेट पर 118 रन बना लिए हैं. प्रिटोरियस 59 और ब्रेविस 23 रन बनाकर नाबाद हैं. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हो गई.

01 Sep 2026 18:49 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: 10 ओवर में साउथ अफ्रीका ने बनाए 88 रन

साउथ अफ्रीका की आधी पारी समाप्त हो गई है. उसने 10 ओवर में 1 विकेट पर 88 रन बना लिए हैं. लुआन डी प्रिटोरियस ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है. वह 51 रन बनाकर नाबाद हैं. डेवाल्ड ब्रेविस ने नाबाद 5 रन बनाए हैं.

01 Sep 2026 18:23 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: साउथ अफ्रीका को पहला झटका

मैच में साउथ अफ्रीका को पहला झटका आठवें ओवर में लगा. वेस्ले मधेवेरे ने जॉर्डन हर्मान को आउट कर दिया. जॉर्डन 25 गेंद पर 28 रन बनाकर रयान बर्ल को कैच दे बैठे. साउथ अफ्रीका का स्कोर 8 ओवर में 1 विकेट पर 73 रन बना लिए हैं. लुआन डी प्रिटोरियस 40 और डेवाल्ड ब्रेविस 1 रन बनाकर नाबाद हैं.

01 Sep 2026 18:17 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: साउथ अफ्रीका की तूफानी शुरुआत

साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में शानदार शुरुआत की है. उसने पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गंवाया. अफ्रीकी टीम ने 6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 59 रन बना लिए हैं. लुआन डी प्रीटोरियस 30 और जॉर्डन हर्मान ने 25 रन बनाकर नाबाद हैं.

01 Sep 2026 17:55 IST (IST)

SA vs ZIM Live Score: साउथ अफ्रीका ने जीता टॉस

साउथ अफ्रीका की टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नामीबिया ट्राई सीरीज के चौथे मैच में टॉस जीत लिया है. कप्तान ब्योर्न फॉर्ट्यून ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. अफ्रीकी टीम को पहले मैच में नामीबिया से हार मिली थी. इसके बाद उसने जिम्बाब्वे को दूसरे मुकाबले में परास्त किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More