India vs Pakistan Gold Medal Match Asian Games 2026: टी20 चैंपियन भारत ने एशियन गेम्स में पुरुषों के गोल्ड मेडल को जीत लिया है. भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मैच में 19 रनों से हराया. जापान के आइची-नागोया में चल एशियाई खेलों में भारत का यह 19वां गोल्ड मेडल है. निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. उसे सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. श्रीलंका ने मेंस क्रिकेट का ब्रॉन्ज जीता है. उसने बांग्लादेश को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया.
टीम इंडिया के लिए अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद पर 61 और तिलक वर्मा ने 22 गेंद पर 51 रन बनाए. उनके अलावा शिवम दुबेने 15 गेंद पर 27, श्रेयस अय्यर ने 24 गेंद पर 21, ईशान किशन ने 18 गेंद पर 20 और वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंद पर 15 रन बनाए. पाकिस्तान के लिए अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने 2-2 विकेट झटके. सैम अयूब और अबरार अहमद को 1-1 सफलता मिली.
पाकिस्तान की बल्लेबाजी की बात करें तो हसन नवाज ने 51 गेंद पर 96 रन बनाकर मैच में अपनी टीम को बनाए रखा. हसन मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए. उन्होंने 5 चौके और 7 छक्के लगाए. हसन के अलावा सैम अयूब ने 22 गेंद पर 29 रन बनाए. माज सदाकत 23 और कप्तान साहिबजादा फरहान 10 रन बनाकर आउट हुए. साद मसूद 12 रन बनाकर नाबाद रहे. टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए.
इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका और पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया था. भारतीय और पाकिस्तानी कप्तान ने इस मैच में टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया. यह ट्रेंड पिछले साल के एशिया कप के दौरान शुरू हुआ था और तब से वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और हॉकी जैसे खेलों में दूसरे कॉन्टिनेंटल कॉम्पिटिशन तक फैल गया है.