)
EZ vs SZ Duleep Trophy 2026 Final Live Score: दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है. चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में ईस्ट जोन ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है. ईस्ट जोन की टीम 708 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बाद ऑलआउट हो गई. कप्तान ईशान किशन भले ही ट्रिपल सेंचुरी से चूक गए, लेकिन उन्होंने 270 रनों की शानदार पारी खेली. साउथ जोन के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई. उनकी तरफ से त्रिपुरण विजय ने सबसे अधिक 4 विकेट झटके. ईस्ट जोन के लिए ईशान सबसे बड़े हीरो साबित हुए, जबकि कुमार कुशाग्र ने भी शतक जड़कर प्रभावित किया. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने पहली पारी में तेज तर्रार 44 रन बनाए. 21 वर्षीय झारखंड के बल्लेबाज शिखर मोहन ने 85 रनों की कीमती पारी खेली.
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
ईस्ट जोन- शान किशन (विकेट कीपर/कप्तान), अनुकूल रॉय, एमडी कौनैन कुरैशी, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार, सुभ्रांशु सेनापति, शाहबाज़ अहमद, डेनिश दास, शिखर मोहन, सूरज सिंधु जायसवाल.
साउथ जोन- रिकी भुई, नारायण जगदीशन (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, कोडिमेला हिमतेजा, श्रेयस गोपाल, तनय त्यागराजन, विध्वथ कवरप्पा, एमडी निधीश, मोहम्मद सिराज, शेख रशीद, कवुरी सैतेजा, करुण नायर, अमन खान, त्रिपुराना.
साउथ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए ईस्ट जोन ने 700 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया है और अभी भी उनके दो विकेट शेष हैं. टीम के कप्तान ईशान किशन की नजर ट्रिपल सेंचुरी पर है. वो 250 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, लेकिन 7वां विकेट गिरने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे.
मोहम्मद शमी के रूप में ईस्ट जोन को सातवां झटका लगा. अपने 100वें फर्स्ट क्लास मैच में शमी ने 51 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली. उन्हें साउथ जोन के लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने क्लीन बोल्ड किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट जोन ने 7 विकेट के नुकसान पर 680 रन बना लिए हैं. 250 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होने के बाद ईशान किशन दोबारा बैटिंग करने उतरे हैं.
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में 250 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर ईशान किशन रिटायर्ड हर्ट हो गए. साउथ जोन के खिलाफ मैच में ईस्ट जोन के कप्तान ने शानदार दोहरा शतक जड़ा. वो बतौर कप्तान दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक जड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं. उनसे पहले 1987 में अंशुमन गायकवाड़ ने ये कारनामा किया था. ईस्ट जोन ने पहली पारी में 6 विकेट खोकर 631 रन बना लिए हैं. साउथ जोन के सभी गेंदबाज थके हुए नजर आ रहे हैं और उन्होंने हथियार डाल दिए हैं.
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने दोहरा शतक ठोक दिया है. ईस्ट जोन की टीम अब 600 के स्कोर की तरफ बढ़ती नजर आ रही है. दूसरे दिन अभी तक साउथ जोन को एक ही विकेट नसीब हुआ है.
ईस्ट जोन की टीम के 500 रन पूरे हो चुके हैं. साउथ जोन की टीम विकेट के लिए पापड़ बेलती नजर आ रही है. ईशान किशन अपने दोहरे शतक से महज 27 रन दूर हैं.
लंच ब्रेक तक ईस्ट जोन का ही दबदबा देखने को मिला है. साउथ जोन की टीम को महज 1 विकेट हासिल हुआ. ईशान किशन दोहरे शतक की दहलीज पर खड़े हैं. उनका साथ अनुकूल राय दे रहे हैं.
कुमार कुशाग्र शतक ठोकते ही 101 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे. 471 रन के स्कोर पर साउथ जोन को 5वां सफलता मिली है. ईशान किशन अभी भी क्रीज पर डटे हैं.
कुमार कुशाग्र ने शतक ठोक दिया है. वहीं, ईशान किशन ने भी 150 रन पूरे कर लिए हैं. दोनों बल्लेबाजों के बीच 228 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है. साउथ जोन के गेंदबाज विकेट के लिए तरसते दिख रहे हैं.
ईशान किशन और कुमार कुशाग्र मैदान पर डटे हुए हैं. कुशाग्र भी शतक की तरफ से तेजी से बढ़ रहे हैं. दोनों के बीच 180 रन की पार्टनरशिप हो चुकी है. दलीप ट्रॉफी 2026 में ये सबसे बड़ी पार्टनरशिप है.
ईशान किशन और कुशाग्र की पार्टनरशिप टूटने का नाम नहीं ले रही है. टीम का स्कोर 400 के पार पहुंच चुका है. गेंदबाज विकेट के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं.
दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है. ईशान किशन और कुमार कुशाग्र पारी को आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं. साउथ जोन की टीम विकेटों की तलाश में है.
पहले दिन मशक्कत करने के बाद साउथ जोन को वापसी की उम्मीद होगी. पहले दिन टीम की बॉलिंग फुस्स दिखी और ईस्ट जोन ने बोर्ड पर 385 रन टांग दिए थे. ईशान किशन 111 रन पर नाबाद हैं.