App

गैस कटर से काटा, घसीटकर कार में लादा: देवघर में SBI के ATM चोरी की सनसनीखेज घटना CCTV कैद

देवघर में एसबीआई का एटीएम की चोरी की वारदात सामने आई है. यहां पर एटीएम गैस कटर से काट कर उखाड़ ले गए चोर कार में लादकर लेकर फरार हो गए. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

गैस कटर से काटा, घसीटकर कार में लादा: देवघर में SBI के ATM चोरी की सनसनीखेज घटना CCTV कैद
Image Credit: देवघर में गैस कटर से काटकर कार में लाद ले गए पूरा ATM (Photo-वीडियो ग्रैब)

झारखंड के देवघर शहर में चोरों ने नंदन पहाड़ मोहल्ले में भारतीय स्टेट बैंक के एक एटीएम को ही उखाड़ लिया और कार में लादकर फरार हो गए. अपराधियों ने पहले गैस कटर की मदद से एटीएम को काटकर अलग किया और फिर करीब 500 मीटर तक उसे घसीटते हुए सुनसान जगह पर ले गए. इसके बाद पहले से खड़ी कार में एटीएम लादकर वहां से निकल गए.

नंदन पहाड़ इलाके से SBI का पूरा ATM ही उखाड़ ले गए अपराधी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. घटना नंदन पहाड़ मोहल्ले में सेवा धाम के पास लगे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम की है. पुलिस के अनुसार, वारदात सोमवार देर रात की है. मंगलवार तड़के करीब तीन बजे के बाद भारतीय स्टेट बैंक के पटना स्थित एटीएम नियंत्रण कार्यालय को घटना की सूचना मिली. इसके बाद स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई.

गैस कटर से काटकर कार में लाद ले गए पूरा ATM
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच की. घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों के फुटेज की जांच में पता चला कि अपराधियों ने पहले गैस कटर से एटीएम को काटा. इसके बाद मशीन को वहां से घसीटते हुए करीब आधा किलोमीटर दूर एक अपेक्षाकृत सुनसान स्थान तक ले जाया गया. वहां पहले से मौजूद कार में एटीएम को लादा गया और अपराधी फरार हो गए.

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस अब निगरानी कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि कार की पहचान और उसके आने-जाने की दिशा का पता लगाया जा सके. पुलिस सुबह टहलने निकलने वाले लोगों से भी संभावित संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुट रही है.

देवघर में रात की गश्त पर उठे सवाल
पुलिस को आशंका है कि अपराधी एटीएम को किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसमें मौजूद नकदी निकालने का प्रयास कर सकते हैं. इसलिए उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई की जा रही है. एटीएम में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है. बैंक की ओर से भी इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है. वारदात के बाद शहर में रात की सुरक्षा और गश्त व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More