)
आरक्षण को लेकर सियासत के बीच झारखंड में कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग एक बार फिर से जोर पकड़ती हुई नजर आ रही है. इस मुद्दे को लेकर आजसू पार्टी के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. सुदेश महतो ने एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर करके जानकारी. केंद्रीय गृहमंत्री से मिलकर सुदेश महतो ने कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने का अनुरोध किया. इसके साथ ही उन्होंने झारखंड से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अमित शाह के साथ चर्चा की और उन्हें आवश्यक पहल के लिए ज्ञापन सौंपा.
सुदेश महतो ने छात्र आंदोलन पर भी चर्चा की
अमित शाह से मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने इन मामलों की CBI और ED से जांच कराने की मांग की. केंद्रीय गृहमंत्री से सुदेश महतो ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है. ऐसे में इन मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है. इसके साथ ही आजसू अध्यक्ष ने कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग की.
पुरुलिया में 20 सितंबर को होगा करम महाजुटान
आजसू सुप्रीमो ने शाह से कहा कि कुड़मी समाज को एसटी का दर्जा मिलने से समुदाय के सांस्कृतिक, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकेगी. बता दें कि राज्य में एक बार फिर से कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन खड़ा करने की तैयारी की जा रही है. इस मुद्दे को लेकर पुरुलिया में 20 सितंबर को करम महाजुटान का ऐलान किया गया है. इसमें धनबाद जिले से भी परबैतिनों का दल शामिल होगा.
करम महाजुटान की तैयारियां शुरू
जानकारी के मुताबिक, करम महाजुटान के दौरान कुड़मी समाज को एसटी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन की आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जायेगा. इसके साथ ही आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी. इस आयोजन को लेकर समाज के स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. पदाधिकारियों ने सामाजिक लोगों से कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की.