)
जमशेदपुर गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई डकैती की जांच अब उच्चस्तरीय हो गई है. इसे लेकर जोनल आईजी मनोज कौशिक और कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा जमशेदपुर पहुंचे. दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बैंक और आसपास के इलाके की भौगोलिक स्थिति, अपराधियों के संभावित प्रवेश और भागने के रास्तों सहित अब तक की जांच की जानकारी ली. इस दौरान जमशेदपुर एसएसपी, ग्रामीण एसपी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
जांच के लिए एसआईटी का गठन
अधिकारियों ने बैंक परिसर के साथ आसपास के मार्गों और सीसीटीवी कवरेज की जानकारी भी ली. जोनल आईजी ने डकैती कांड के उद्भेदन के लिए 20 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है. एसआईटी को अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी, लूटी गई संपत्ति की बरामदगी और वारदात की पूरी साजिश का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है. जांच में बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ अपराधियों के संभावित रूट और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.
वारदात से पहले रेकी किए जाने की संभावना
पुलिस के सामने अहम सवाल यह भी है कि अपराधियों को बैंक की आंतरिक व्यवस्था और सोना-नकदी रखे जाने वाले स्थान की जानकारी पहले से थी या उन्होंने बैंक में प्रवेश करने के बाद कर्मचारियों से इसकी जानकारी हासिल की. इसके अलावा वारदात से पहले रेकी किए जाने की संभावना, बैंक की सुरक्षा एवं अलार्म व्यवस्था और घटना के बाद अपराधियों के भागने के पूरे रूट की भी जांच महत्वपूर्ण होगी.
पांचों अपराधियों पर इनाम की घोषणा
एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बताया कि सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित किया गया है. कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं. जल्द ही पुलिस अपराधियों के स्केच जारी करेगी. उन्होंने साफ कर दिया है कि पांच की संख्या में अपराधियों ने 42 लाख रुपए नगद और करीब 23 किलो सोने की लूट की है. सभी पांचों अपराधियों पर इनाम की भी घोषणा की गई है.