SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रांची में राजस्व उप निरीक्षक की हत्या पर झारखंडभर में कलमबंद हड़ताल, म्यूटेशन समेत जमीन के सारे काम ठप

रांची के अरगोड़ा अंचल में तैनात राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में झारखंड के सभी जिलों में राजस्व कर्मी गुरुवार को एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल पर हैं. हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग हो रही है.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 29, 2026, 02:43 PM IST | Updated: Oct 29, 2026, 02:49 PM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा अंचल के राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में राज्यभर के राजस्व कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा है. हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और राजस्व कर्मियों की सुरक्षा की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड के सभी जिलों में राजस्व कर्मी एक दिवसीय कलमबंद (पेन डाउन) हड़ताल पर हैं. इस राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के कारण प्रदेश के सभी अंचल कार्यालयों, भूमि सुधार उप-समाहर्ता कार्यालयों और जिला राजस्व शाखाओं में म्यूटेशन, भूमि मापी, प्रमाण पत्र निर्गत करने समेत तमाम जरूरी प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गए हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है.

राजस्व विभाग के सभी कर्मी आंदोलन में शामिल

झारखंड राज्य राजस्व उपनिरीक्षक संघ के मुख्य संरक्षक भारत सिन्हा और महामंत्री दुर्गेश मुंडा ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि इस आंदोलन में राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक (कर्मचारी) और अंचल अमीन समेत राजस्व विभाग के तमाम मैदानी कर्मी एकजुट होकर शामिल हुए हैं. संघ के शीर्ष पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि जब तक दिवंगत लक्ष्मीकांत मुंडा के हत्यारों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता और राजस्व कर्मियों के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका यह संघर्ष जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: राजस्वकर्मी की हत्या से फूटा गुस्सा, रांची के सभी अंचल कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप

मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

संघ ने कहा है कि यदि पुलिस-प्रशासन ने त्वरित और कठोर कार्रवाई करने में ढिलाई बरती, तो राज्यभर के राजस्व कर्मी बाध्य होकर अनिश्चितकालीन पूर्ण हड़ताल पर जाने का कड़ा कदम उठाएंगे. गुरुवार की शाम राजस्वकर्मियों की कलमबंद हड़ताल समाप्त होने के बाद संघ की एक उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की उग्र आंदोलन की रूपरेखा और रणनीति पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी.

24 अक्टूबर को हुई थी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या

गौरतलब है कि अरगोड़ा अंचल में तैनात रहे कर्तव्यनिष्ठ राजस्व उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या 24 अक्टूबर को रांची के नामकुम स्थित उनके आवास पर कर दी गई थी. उनके सिर पर चोट के निशान थे और घर से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर तथा उनका मोबाइल फोन गायब मिला था. इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES