App

रांची पुलिस का एक्शन: कई होटल-बार पर रेड, अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश... 8 युवक और 6 युवतियां हिरासत में

रांची में कई होटल और बार में पुलिस ने छापा मारा. इस दौरान कॉरिंथिया होटल से 8 युवकों और छह युवतियों को हिरासत में लिया है. जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया गया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

रांची पुलिस का एक्शन: कई होटल-बार पर रेड, अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश... 8 युवक और 6 युवतियां हिरासत में
Image Credit: रांची पुलिस रेड (जी मीडिया)

झारखंड की राजधानी रांची में कथित अनैतिक गतिविधियों और बार में नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात कई होटल और बार में एक साथ छापेमारी की. कोतवाली थाना क्षेत्र के कचहरी चौक के पास स्थित कॉरिंथिया होटल में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 युवकों और छह युवतियों को हिरासत में लिया. आशंका है कि ये लोग सेक्स रैकेट से जुड़े हो सकते हैं. होटल प्रबंधन, कर्मचारियों और हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है.

मैनेजर-कर्मचारियों से जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल में मौजूद लोगों के वहां पहुंचने की परिस्थितियां क्या थीं और क्या वहां किसी तरह की अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी. पुलिस होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर की गई. सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के कई प्रमुख होटल और बार में एक साथ जांच अभियान चलाया.

शराब-हुक्का परोसे जाने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य बार और होटल संचालकों द्वारा नियमों के कथित उल्लंघन की जांच करना था. इनमें बिना वैध लाइसेंस संचालन, निर्धारित समय सीमा के बाद भी बार खुला रखना, हुक्का परोसना और नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने जैसी शिकायतें शामिल थीं. पुलिस टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में लाइसेंस, संचालन से संबंधित दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कागजातों की जांच की. कुछ स्थानों पर निर्धारित समय के बाद भी प्रतिष्ठान खुले पाए जाने और शराब और हुक्का परोसे जाने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है.

लाइसेंस के खिलाफ भी की जा सकती है कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने होटल और बार संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी है. अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया गया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. गंभीर अनियमितता मिलने पर संबंधित लाइसेंस के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More