रांची पुलिस ने पिठौरिया और मांडर हत्याकांड का किया पर्दाफाश, रंजिश और जमीन विवाद में हुई थीं हत्याएं
रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल कर्मचारी की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है और होटल के मालिक और एक अन्य कर्मचारी को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा, पुलिस ने रांची के मांडर में एक दूध सेंटर चलाने वाले रामू उरांव की हत्या के मामले को भी सुलझा लिया है.
रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में चर्चित होटल कर्मी बनेश्वर गोराई उर्फ राहुल की धारदार हथियार से हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने होटल मालिक और उसके एक अन्य स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया है. बंगाल का रहने वाला बनेश्वर, कृष्णा के होटल में स्टाफ का काम संभालता था. होटल लगातार घाटे में चल रहा था, जिसकी मुख्य वजह स्टाफ का बार-बार बदलना था. इसी बात को लेकर कृष्णा और बनेश्वर के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसी रंजिश के चलते कृष्णा ने राहुल की हत्या की योजना बनाई.
30 अक्टूबर को जब राहुल होटल से निकला, तो रास्ते में ही कृष्णा और उसके साथी अमित ने टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने हथियार को एक तालाब में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. इस संबंध में रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने मामले का पूरा खुलासा किया है.
मांडर में दूध सेंटर संचालक रामू उरांव हत्याकांड का खुलासा
रांची के मांडर इलाके में दूध सेंटर संचालक रामू उरांव की हत्या का भी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. रामू उरांव की हत्या जमीन विवाद के चलते गोली मारकर की गई थी. इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.
बीते 29 अक्टूबर को मांडर स्थित उनके दूध सेंटर पर ही रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी थी. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि इस हत्याकांड के पीछे करीब 13 एकड़ जमीन का पुराना विवाद था, जो पिछले 10 वर्षों से चल रहा था.
हाल ही में इस जमीन से जुड़ा कोर्ट का फैसला रामू उरांव के पक्ष में आया था. इसी फैसले से नाराज होकर उनकी हत्या की साजिश रची गई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले तीन आरोपियों को पकड़ा था और अब दो और आरोपियों को दबोच लिया है. इस तरह कुल पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और पुलिस बाकी बचे एक आरोपी की धरपकड़ के लिए जुटी हुई है.
रिपोर्ट: कामरान जलीली
यह भी पढ़ें: जमीन के लिए मां-बेटी का कत्ल, बेटे समेत 13 लोगों ने रची खौफनाक साजिश, 7 गिरफ्तार