)
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव में मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. मृतकों की पहचान 68 वर्षीय कुनी कुई और उनकी 27 वर्षीय बेटी नामसी बिरुवा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, जमीन पर कब्जा करने के इरादे से करीब 13 लोगों ने मिलकर दोनों की हत्या की साजिश रची थी. इस साजिश में मृतका का 36 वर्षीय बेटा त्रिभुवन बिरुवा भी शामिल बताया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने दोनों शवों को दावबुरु पहाड़ की गुफा में पहुंचाया. वहां डीजल डालकर शवों को जलाया गया और इसके बाद बचे अवशेषों को गुफा में ही दफना दिया गया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गुफा से जली हुई हड्डियां बरामद की हैं. वहीं, एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं.
जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे जमीन को लेकर पुराना विवाद था. पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत जून 2026 में खेत की मेड़ काटने को लेकर हुई थी. इसी विवाद के बाद मां-बेटी की हत्या की साजिश रची गई. 27 अक्टूबर को दोनों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की थी. इसके बाद जांच और पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले.
मामले में पुलिस ने यदुनाथ बिरुवा समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड की साजिश में कुल 13 लोग शामिल थे. ऐसे में अभी छह आरोपी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब और कहां बनाई गई थी तथा वारदात को अंजाम देने में किसकी क्या भूमिका थी.
रिपोर्ट: आनंद प्रियदर्शी