App

एक रात की बारिश और 900 मुर्गों की मौत: चतरा में पोल्ट्री फार्म तबाह, 15 लाख का नुकसान, पाई-पाई को मोहताज हुए साधु यादव

चतरा में मूसलाधार बारिश का कहर शनिवार को देखने को मिला. कसमार गांव में तेज बारिश की वजह से 20 साल पुराना मुर्गा फार्म ढह गया. मलबे में दबकर 900 मुर्गों की मौत हो गई. वहीं, हजारीबाग में जनजीवन एक तरफ अस्त-व्यस्त है. कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं है.

एक रात की बारिश और 900 मुर्गों की मौत: चतरा में पोल्ट्री फार्म तबाह, 15 लाख का नुकसान, पाई-पाई को मोहताज हुए साधु यादव
Image Credit: चतरा में पोल्ट्री फार्म तबाह, 15 लाख का नुकसान (Photo- वीडियो ग्रैब)

झारखंड में लगातार खराब मौसम और मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए आफत बनने लगी है. चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड स्थित कसमार गांव में तेज बारिश के कारण एक मुर्गी फार्म धराशायी हो गया. इस हादसे में सैकड़ों मुर्गों की मलबे में दबकर मौत हो गई है, जिससे व्यवसायी के सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है.

ढह 20 साल पुराना मुर्गा फार्म, मलबे में दबकर 900 मुर्गों की मौत
कसमार गांव के साधु यादव पिछले 20 वर्षों से मुर्गी फार्म का संचालन कर रहे थे. लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बीती रात उनका फार्म अचानक ढह गया. मलबे के नीचे दबने से शुक्रवार को ही मंगाए गए करीब 900 मुर्गे (लगभग 13 क्विंटल) मारे गए.

इस तबाही में उन्हें 10 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ
साधु यादव के अनुसार, इस तबाही में उन्हें 10 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने जीविका छिन जाने पर जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजे की गुहार लगाई है. इस मामले में प्रतापपुर अंचल अधिकारी (CO) ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन दिए जाने के बाद अंचल प्रशासन घटनास्थल का निरीक्षण करेगा. नुकसान का सही आकलन कर एक विस्तृत रिपोर्ट जिले को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर ही जिला प्रशासन मुआवजे की राशि तय करेगा.

हजारीबाग में तूफान का असर
हजारीबाग में भारी बारिश और तूफान का असर देखने को मिल रहा है. जनजीवन एक तरफ अस्त-व्यस्त है. वहीं, दूसरी तरफ कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं है, जिसके कारण लोग पीने के पानी के लिए भी मोहताज हैं. लोगों का कहना है कि अगर इस तरह से हजारीबाग बिजली विभाग कार्य करेगा, तो उनके मेंटेनेंस करने का कोई फायदा ही नहीं है.

बता दें कि पूरे हजारीबाग में बिजली विभाग की तरफ से वायर को चेंज किया गया है, जिसके बाद कवर्ड वायर पूरे हजारीबाग में लगाया गया था. इसके बाद भी बारिश में बिजली आपूर्ति बाधित हो जाना लोगों के लिए दिक्कत का सबब बना हुआ है. हालांकि, बिजली विभाग पूरी मशक्कत के साथ लगा हुआ है, उनका कहना है कि जल्द ही लोगों को बिजली की सुविधा बहाल कर दी जाएगी.

हजारीबाग के बिजली विभाग के उप महाप्रबंधक (DGM) का कहना है कि हमारी पूरी टीम कई जगहों पर लगी हुई है, शनिवार शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. हजारीबाग के कई जगहों से लोग अपनी शिकायत लेकर बिजली विभाग पहुँच रहे हैं. उनकी शिकायत है कि कहीं दो तार आपस में सट गए हैं, तो किसी का ट्रांसफार्मर उड़ गया है.

चतरा से धर्मेंद्र पाठक और हजारीबाग से यदुवेंद्र मन्नू की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More