App

दीपावली को लेकर पाकुड़ के बाजारों में उमड़ी भीड़, दीये-फूल और पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी

दीपावली को लेकर झारखंड के पाकुड़ जिले में उत्साह चरम पर है. शहर से लेकर प्रखंडों तक के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है. हाटपाड़ा और रेलवे फाटक के पास लगने वाले दैनिक हाट में लोग मिट्टी के दीये, पटाखे, मिठाइयां, फूलों की मालाएं और पूजा सामग्री खरीद रहे हैं.

दीपावली को लेकर पाकुड़ के बाजारों में उमड़ी भीड़, दीये-फूल और पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी
Image Credit: दीपावली को लेकर पाकुड़ के बाजारों में उमड़ी भीड़ (Zee Media)

दीपावली के त्योहार को खास बनाने के लिए लोग खरीदारी की लंबी सूची लेकर बाजार पहुंच रहे हैं. पाकुड़ जिले में दीपावली को लेकर उत्साह चरम पर है. शहर से लेकर जिले के सभी प्रखंडों के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. पूजा सामग्री, सजावट के सामान, मिट्टी के दीये, रंगोली और फूलों की दुकानों पर लोगों की काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है. शहर के हाटपाड़ा और रेलवे फाटक के पास लगने वाले दैनिक हाट में लोग मिट्टी के दीये, पटाखे, मिठाइयां, पूजा सामग्री और फूलों की मालाएं जमकर खरीद रहे हैं. बाजार पूरी तरह सज चुके हैं और चारों ओर रौनक देखने को मिल रही है.

ताजे फूलों के बजाय आर्टिफिशियल फूलों की बढ़ी मांग

वहीं, फूलों के बाजार में भी इस बार अलग-अलग तरह के विकल्प उपलब्ध हैं. ताजे फूलों के साथ-साथ आर्टिफिशियल फूलों की भी खूब बिक्री हो रही है. ताजे फूलों की अधिक कीमत और जल्दी मुरझा जाने की वजह से लोग कृत्रिम फूलों को पसंद कर रहे हैं. इनका इस्तेमाल लंबे समय तक घर की सजावट के लिए किया जा सकता है. इसके अलावा, दीपावली की पूजा के लिए भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की मूर्तियों की भी खूब खरीदारी हो रही है. बाजार में खास तौर पर कोलकाता से मंगाई गई आकर्षक मूर्तियां लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं.

दीपावली और काली पूजा की तैयारियां तेज

दीपावली को लेकर घरों में भी तैयारियां जोरों पर हैं. लोग साफ-सफाई के साथ घरों को रंगीन लाइटों और आकर्षक सजावटी सामानों से सजा रहे हैं. मां लक्ष्मी की पूजा के लिए जरूरी सामग्री की खरीदारी भी की जा रही है. वहीं, शहर के सरकारी कार्यालयों में भी रंगीन लाइटें लगाई गई हैं. दीपावली के साथ काली पूजा को लेकर भी तैयारियां तेज हैं. शहर के कई स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं और मां काली की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं.

त्योहार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दीपावली और काली पूजा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. नगर थाना पुलिस शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार गश्त कर रही है. वहीं, पूजा पंडालों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे. बाजारों में उमड़ रही भीड़ और दुकानों की रौनक से पूरे पाकुड़ में उत्सव का माहौल है. लोग दीपावली को रोशनी और खुशियों के साथ मनाने की तैयारियों में जुटे हैं.

रिपोर्ट: सोहन प्रमाणिक

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More