निशा भगत मौत मामला: सीबीआई का शिकंजा, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर छापेमारी
निशा भगत मौत मामला में अब सीबीआई ने अपना एक्शन तेज कर दिया है. CBI ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान उनका बयान भी दर्ज किया गया है.
आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में अब सीबीआई ने जांच का शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. मामले में नाम सामने आने के बाद अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर सीबीआई की टीम ने लंबी छापेमारी की. घंटों चली इस कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. अजय तिर्की से पूछताछ कर उनका बयान भी दर्ज किया गया है. वहीं, सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे और पूछताछ की संभावना बढ़ गई है.
आठ घंटे तक चला तलाशी अभियान
निशा भगत की मौत का मामला अब केंद्रीय जांच एजेंसी के रडार पर है. सीबीआई की छह सदस्यीय टीम अजय तिर्की के आवास पर पहुंची और करीब आठ घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए. अजय तिर्की का बयान भी दर्ज किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर सीबीआई उनसे दोबारा पूछताछ कर सकती है. वहीं, सीबीआई की नौ सदस्यीय दूसरी टीम ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर पहुंची. यहां करीब पांच घंटे तक जांच-पड़ताल की गई. टीम ने मोबाइल फोन समेत कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए. दोनों ठिकानों पर कार्रवाई पूरी करने के बाद सीबीआई की टीमें रात करीब 11:30 बजे वहां से रवाना हुईं.
CBI ने इस मामले में FIR दर्ज की है, केस नंबर RC0482026S0007 है. यह मामला मूल रूप से पिथोरिया पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, जिसमें अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ अज्ञात लोगों के नाम शामिल हैं. एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत जांच अपने हाथ में ले ली है. मामले की जांच के लिए CBI की एक टीम अजय तिर्की के आवास पर पहुंची थी.
बता दें कि निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पिता आनंदु भगत द्वारा दिए गए लिखित बयान के आधार पर पिठोरिया थाने में दर्ज कराया गया. FIR में दो खास लोगों के साथ-साथ एक अन्य व्यक्ति का भी नाम थे. पिठोरिया थाना प्रभारी (SHO) सतीश पांडे, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा सहित कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. यह मामला आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज किया गया था.
पिता का आरोप है कि उन्होंने उनकी बेटी को झूठे मामलों में फंसाया और सोशल मीडिया पर उसके चरित्र को खराब करने की कोशिश की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उनकी बेटी घर से बाहर निकलती थी, तो वे उसे रोकते थे और मानसिक रूप से परेशान करते थे. पिता ने अपनी बेटी की मौत को महज आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश बताया.
यह भी पढ़ें: निशा भगत की मौत पर भड़के आदिवासी संगठन, राज्यपाल से की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग