)
धनबाद जिले के लोदना स्थित अपने नानी के घर जितिया पर्व मनाने पहुंची 16 वर्षीया सोनाक्षी कुमारी दामोदर नदी में डूब गई. घटना के करीब 26 घंटे बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. 3 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को भी नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश जारी रही.
अमलाबाद घाट पर दामोदर नदी में सोनाक्षी डूब गई
बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित बिरसा पुल के समीप अमलाबाद घाट पर दामोदर नदी में नहाने के दौरान सोनाक्षी डूब गई थी. घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है.
NDRF की टीम ने संभाला मोर्चा
वहीं, लड़की की खोजबीन के लिए शनिवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम अमलाबाद घाट पहुंची. करीब सवा ग्यारह बजे पहुंची टीम के 30 जवानों ने दामोदर नदी में उतरकर तलाशी अभियान शुरू किया. एनडीआरएफ के जवान नदी में युवती की तलाश कर रहे हैं. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी को सोनाक्षी के मिलने का इंतजार है.
तेज बहाव की वजह से देखते ही देखते बह गई
मिली जानकारी के अनुसार, सोनाक्षी कुमारी मूल रूप से बिहार के आरा की रहने वाली है. वह झारखंड के धनबाद जिला के लोदना स्थित अपनी नानी के घर जितिया पर्व मानने आई हुईं थी. 2 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व का स्नान करने दामोदर नदी गई थी. इस दौरान वह अचानक गहरे पानी डूबने लगी और तेज बहाव की वजह से देखते ही देखते बह गई.
अभी तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिला
हादसे की जानकारी मिलने पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही एनडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है. वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से नदी में लड़की की नदी में खोज की जा रही है. फिलहाल, अभी तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिला है.
रिपोर्ट: नितेश मिश्रा