गोड्डा जिले के महगामा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़िता से छीनी गई चांदी की चेन भी बरामद की है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात पाकुड़ जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की अपनी मौसी के घर आई हुई थी. वह महगामा के ऊर्जानगर मेला घूमने के बाद अपने दो रिश्तेदारों के साथ वापस मौसी के घर लौट रही थी. इसी दौरान जियाजोरी जंगल के समीप पांच से छह व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि इस दौरान नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया और उसके गले से चांदी की चेन भी छीन ली गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए महगामा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद महगामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया.
SDPO वरुण रजक ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मोहसिन अंसारी के घर से पीड़िता की छीनी गई चांदी की चेन बरामद की गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन अंसारी (22 वर्ष), मो. जहूर अंसारी (27 वर्ष), मो. अवाज अंसारी (19 वर्ष), मो. मोतीम अंसारी (19 वर्ष) और मो. परवेज अंसारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी गोड्डा जिले के महगामा थाना क्षेत्र के जियाजोरी गांव के निवासी हैं.
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ घटना के दौरान छीनी गई चांदी की चेन भी बरामद कर ली है. महगामा के SDPO वरुण रजक ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: