पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने पहुंचा दूल्हा, बोकारो में पुलिस के पहुंचते ही बारात में मचा हड़कंप
बिहार के पटना से बोकारो दूसरी शादी करने पहुंचा दूल्हा पहली पत्नी की शिकायत के बाद मुश्किल में पड़ गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पहली शादी और दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया. इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया.
झारखंड के बोकारो में पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने पहुंचे एक दूल्हे की शादी उस समय रुक गई, जब उसकी पहली पत्नी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई. बिहार के पटना से बारात लेकर बोकारो आए दूल्हे की शादी नया मोड़ स्थित वेस्टर्न फॉर्म में होनी थी. शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन पहली पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस पहुंची तो समारोह में हड़कंप मच गया. पुलिस की जांच के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात को बिना शादी किए वापस लौटना पड़ा.
पहली पत्नी की शिकायत पर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, दूल्हे की पहचान निवास कुमार वर्मा के रूप में हुई है. वह पहली पत्नी के रहते बोकारो में दूसरी शादी करने पहुंचा था. बिहार के नालंदा की रहने वाली उसकी पहली पत्नी मुस्कान कुमारी को जब पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से शिकायत की. इसके बाद बोकारो पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस के पहुंचने पर दूल्हा मौके से फरार हो गया.
पांच लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप
मुस्कान कुमारी के मुताबिक, उसकी शादी 28 मई 2023 को पटना के निवास कुमार वर्मा से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद पति उससे पांच लाख रुपये दहेज की मांग करने लगा. मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकाल दिया गया. मुस्कान ने इस मामले में पटना के गौरीचक थाने में दहेज प्रताड़ना का केस भी दर्ज कराया है.
दुल्हन पक्ष ने शादी से किया इनकार
मुस्कान की शिकायत मिलने के बाद बोकारो पुलिस ने दुल्हन पक्ष को दूल्हे की पहली शादी और उसके खिलाफ दर्ज मामले की जानकारी दी. इसके बाद लड़की पक्ष ने विवाह करने से इनकार कर दिया. इस तरह शादी की पूरी तैयारी के बावजूद बारात को वापस लौटना पड़ा. मुस्कान के परिवार वालों ने मामले में न्याय की मांग की है. उनका कहना है कि पति और उसके परिजनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस ने क्या कहा?
बोकारो के सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. जांच में पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है और बिहार के गौरीचक थाने में उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज है. पुलिस ने लड़की पक्ष को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने शादी से इनकार कर दिया. डीएसपी ने कहा कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
मृत्युंजय मिश्रा की रिपोर्ट