SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बोकारो स्टील प्लांट गेट जाम किए जाने पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, डीसी से जवाब तलब

बोकारो स्टील प्लांट बंदी पर झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रूख अपनाया है. रविवार (18 अक्टूबर, 2026) को भी कोर्ट खुला और मामले में सुनवाई है. इस दौरान कोर्ट ने बोकारो डीसी से जवाब मांगा. वहीं, अब इस पूरे मामले में सुनवाई 28 अक्टूबर को होने वाली है.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Oct 18, 2026, 08:56 PM IST | Updated: Oct 18, 2026, 09:13 PM IST
Image Credit: बोकारो स्टील प्लांट गेट जाम किए जाने पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त (फाइल फोटो)
Join

झारखंड हाईकोर्ट ने बोकारो स्टील प्लांट में सभी गेट बंद कर उत्पादन ठप किए जाने के मामले में कड़ी नाराजगी जताई है. अदालत ने आज यानी रविवार (18 अक्तूबर, 2026) को छुट्टी के दिन इस मामले की विशेष सुनवाई की और बोकारो के उपायुक्त को प्लांट के सभी गेट खुलवाने और कर्मचारियों की सुचारु रूप से प्लांट के अंदर आवाजाही सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.

28 अक्टूबर को होगी सुनवाई

बता दें कि जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान बोकारो डीसी ऑनलाइन माध्यम से अदालत में पेश हुए. कोर्ट ने उनसे पूरे मामले पर जवाब देने के लिए कहा. वहीं, इस मामले की अगली सुनवाई अब 28 अक्टूबर को होने वाली है. सुनवाई के दौरान सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा ने बहस की.

पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल

बोकारो स्टील प्लांट में विस्थापित अप्रेंटिस संघ के बैनर तले नियोजन की मांग को लेकर पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल और आंदोलन चल रहा है. शनिवार (17 अक्टूबर, 2026) को आंदोलनकारियों ने प्लांट के सभी मुख्य द्वार और प्रवेश मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया था, जिससे करीब पांच हजार कर्मचारी प्लांट के अंदर ही फंसे रह गए थे और उत्पादन और ढुलाई का काम पूरी तरह ठप हो गया था.

200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

बोकारो जिला प्रशासन ने करीब 24 घंटे बाद सभी गेट को खाली कराया और प्लांट के मुख्य द्वार के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है. वहीं, उपायुक्त ने अदालत को बताया कि गेट खाली कराकर स्थिति को सामान्य कर दिया गया है. प्रशासन ने प्लांट के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के जुटने, प्रदर्शन, या रैलियों पर रोक लगा दी है.

यह भी पढ़ें: रांची के दुर्गा पूजा पंडालों में कहीं नरेंद्र मोदी की झांकी तो कहीं लालू-राबड़ी की प्रतिमाएं, अनोखी थीम खींच रही ध्यान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया था मांगों का समर्थन

बीते दिन, शनिवार को झारखंड के मंत्री राधाकृष्ण किशोर और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर विस्थापितों की मांगों का समर्थन किया था. विस्थापित संगठनों की मुख्य मांगों में अप्रेंटिस प्रशिक्षित युवाओं की नियमित नियुक्ति, चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली और विस्थापित परिवारों के लिए स्पष्ट रोजगार नीति बनाना शामिल है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES