बीजेपी ने झारखंड में अभी से 2029 की तैयारी शुरू कर दी है. झारखंड में बीजेपी के नवनियुक्त प्रभारी गजेंद्र सिंह ने पदभार संभालते ही पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को 'मिशन-2029' पर जुटने के लिए कहा है. पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है, 2029 में झारखंड फतह करने से हम लोगों को कोई रोक नहीं सकता. उन्होंने कहा कि जब पश्चिम बंगाल और दिल्ली जीत गए तो झारखंड क्यों नहीं जीत सकते हैं? उन्होंने कहा कि यहां तो हम पहले भी सरकार बना चुके हैं, तो यह प्रदेश क्यों नहीं जीत सकते. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यह राज्य हमारे लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं को जो दायित्व और जिम्मेदारी मिली है, उसका उन्हें ईमानदारी से निर्वहन करना है.
प्रदेश प्रभारी ने सेट कर दिया टारगेट
अभिनंदन समारोह सह प्रदेश पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि हम सभी को मिलकर झारखंड को गढ़ना है और इसकी दशा एवं दिशा बदलनी है. 2029 में हर हाल में झारखंड फतह करना है, इसी संकल्प के साथ हमें काम करना है. उन्होंने कहा कि हम अपनी पार्टी की खूबियां और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेंगे. हम केवल राजधानी मुख्यालय में नहीं बल्कि जिला, विधानसभा से लेकर जरूरत पड़ी तो मंडल स्तर सकारात्मक दृष्टि के साथ काम करेंगे.
मिलकर काम करने की अपील की
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आधार और विचारधारा पर खड़ी है. सेवा ज्योति संकल्प यात्रा आने वाले समय में प्रेरणा देने वाला कार्यक्रम है, अतः इस कार्यक्रम को पूरे मनोयोग से और अच्छे से करना है. गजेंद्र सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे उनके लिए हमेशा उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि आप लोगों के पास कोई सुझाव हो तो आप बेहिचक हमसे या सह-प्रभारी से साझा कर सकते हैं. सब कुछ झारखंड के कार्यकर्ताओं को ही करना है, हम सभी केवल रास्ता बनाएंगे. हम आपके साथ मिलकर सहयोगी के रूप में काम करने आए हैं. हम नीचे स्तर पर जाकर काम करेंगे और परिणाम देने का काम करेंगे.
'BJP कार्यकर्ताओं के लिए कुछ असंभव नहीं'
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के कार्यकर्ता किसी चीज को पाने का ठान लें तो कुछ भी असंभव नहीं है. इसका उदाहरण पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और नई दिल्ली में सरकार बना कर कार्यकर्ताओं ने साबित किया है. उन्होंने कहा कि झारखण्ड वीरों और कर्मों की भूमि है. यहां आकर मैं गर्व महसूस कर रहा हूं. उन्होंने कार्यकर्ताओ के द्वारा गर्मजोशी के साथ किए गए अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाली जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया, क्योंकि इसी झारखंड की धरती से पूरे देश के जनजातीय समाज में संदेश जाता है.
रिपोर्ट- धीरज ठाकुर