App

झरिया में भू-धंसान के बाद एक्शन में विधायक रागिनी सिंह: प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए BCCL को 1 हफ्ते का दिया अल्टीमेटम

Dhanbad News: धनबाद के झरिया स्थित लिलोरी पथरा में भू-धंसान की घटना के बाद झरिया विधायक रागिनी सिंह ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. विधायक ने BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास का अल्टीमेटम दिया है.

झरिया में भू-धंसान के बाद एक्शन में विधायक रागिनी सिंह: प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए BCCL को 1 हफ्ते का दिया अल्टीमेटम
Image Credit: झरिया में भू-धंसान के बाद एक्शन में विधायक रागिनी सिंह: प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए BCCL को 1 हफ्ते का दिया अल्टीमेटम

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के झरिया में अग्नि प्रभावित और भू-धंसान के खतरे वाले क्षेत्र में परिवार जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं. क्षेत्र को पहले ही अति खतरनाक रेड जोन घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद यहां रह रहे बचे हुए परिवारों को अब तक सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट नहीं किया गया है. इसी बीच लोदना क्षेत्र के लिलोरी पथरा में हुए भू-धंसान की घटना के बाद झरिया विधायक रागिनी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.

निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर भू-धंसान की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बीसीसीएल के एरिया जीएम, एजेंट समेत अन्य अधिकारियों से फोन पर बात कर एक सप्ताह के भीतर लिलोरी पथरा में रह रहे सभी प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया. विधायक ने कहा कि क्षेत्र को पहले ही रेड जोन घोषित किया जा चुका है और लगातार शिकायतों के बावजूद परिवारों को सुरक्षित स्थान बेलगढ़िया या कर्माटांड़ में शिफ्ट नहीं किया गया है.

विधायक रागिनी सिंह ने बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में लगातार भू-धंसान और आग का खतरा बना हुआ है, वहां लोगों का रहना बेहद जोखिम भरा है. प्रबंधन की लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोगों की जान जोखिम में डालकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.

विधायक ने तत्काल प्रभाव से भू-धंसान वाले घटनास्थल की भराई कराने और वहां लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके. उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि लिलोरी पथरा में बचे सभी परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए. विधायक ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित लोगों के पुनर्वास को लेकर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की.

रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More