रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच को लेकर अलर्ट पर पुलिस: 9 IPS, 25 DSP समेत 5 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
भारत-वेस्टइंडीज मैच को लेकर रांची में हाई अलर्ट जारी किया गया है. खिलाड़ियों की सुरक्षा में तैनात 5 हजार पुलिसकर्मी को तैनात किया जाएगा. इसके लिए एक हाई लेवल मीटिंग जिला प्रशासन ने की.
झारखंड की राजधानी रांची में 9 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. राज्य की साख से जुड़े इस बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. इसे लेकर रांची एसएसपी की ओर से एक हाई-लेवल मीटिंग की गई.
खिलाड़ियों की सुरक्षा में तैनात होंगे 5 हजार पुलिसकर्मी
इस मीटिंग में निर्देश दिया गया कि स्टेडियम, होटल और रूट लाइन की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी. मैच की सुरक्षा का दारोमदार 9 आईपीएस और 25 डीएसपी समेत 5 हजार पुलिसकर्मियों पर होगा. इसे लेकर बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके लिए 5 हजार बलों की तैनाती होगी, जिसमें ट्रैफिक के साथ सुरक्षा के लिहाज से बलों को डेप्यूट किया गया है.
9 IPS, 25 DSP के हवाले होगी सुरक्षा की कमान
9 आईपीएस अधिकारियों के साथ 25 डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि न केवल सुरक्षित माहौल में मैच का आयोजन हो, बल्कि खिलाड़ियों का सुरक्षा घेरा भी अभूतपूर्व रहे. वहीं, रूट लाइन और संवेदनशील बिंदुओं पर स्टैटिक डिप्लॉयमेंट किया जाएगा.
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता तैनात
एयरपोर्ट से लेकर होटल और स्टेडियम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. खिलाड़ियों और मैच ऑफिशियल्स के ठहरने वाले होटल रेडिसन ब्लू में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने पहुंचकर सघन जांच की है. होटल के साथ-साथ आसपास के इलाके की भी बारीकी से स्क्रीनिंग की गई है, ताकि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो.
खिलाड़ियों के स्वागत की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही
9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले T20 मुकाबले की तैयारी राजधानी रांची में पूरी हो चुकी है. दोनों टीमें आज रांची पहुंचेंगी. इससे पहले खिलाड़ियों के स्वागत की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं. रांची के होटल रेडिसन ब्लू को तीन दिनों के लिए बुक किया गया है, जहां दोनों टीमों के खिलाड़ी यहां ठहरेंगे.
रिपोर्ट: कामरान जलीली