)
राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल के कमरे में आईआईआईटी (IIIT) के एक छात्र का शव मिलने से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई है. मृतक छात्र की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले आदित्य के रूप में हुई है. पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल करने में जुटी हुई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, बीती रात लगभग 11:30 बजे जब काफी देर तक आदित्य के कमरे का दरवाजा अंदर से नहीं खुला, तो उसके दोस्तों को किसी अनहोनी की आशंका हुई.
फंदे से झूलता मिला आदित्य का शव
दोस्तों ने जब आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया. इसके बाद सभी के होश उड़ गए. आदित्य का शव कमरे में तौलिया के सहारे पंखे से फंदे पर झूलता मिला. दोस्तों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और बिना देर किए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही खेलगांव थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया है. साथ ही, आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अस्पताल और प्रबंधन पर छात्रों का गुस्सा
इस घटना के बाद आईआईआईटी परिसर में तनाव का माहौल बन गया. गुस्साए छात्रों ने संस्थान में चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की कमी को लेकर हंगामा किया. छात्रों का आरोप है कि समय रहते परिसर में ऑक्सीजन युक्त एंबुलेंस उपलब्ध होती, तो शायद आदित्य की जान बचाई जा सकती थी. छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. साथ ही, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की है.
इनपुट: कामरान जलीली