चतरा के प्रतापपुर में जंगल से मिली जली हुई लाश, देखकर कांप जाएगी रूह
चतरा के जंगल से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां जंगल के भीतर एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और लगभग आधा जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को यहां लाकर फेंका गया है.
झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में लाली माटी जंगल से पुलिस ने मंगलवार को एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और करीब 30 से 50 प्रतिशत तक जला हुआ शव बरामद किया है. पुलिस प्रथमदृष्टया इसे हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को ठिकाने लगाने का मामला मानकर जांच कर रही है.
मृतका की अनुमानित उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे, तब उनकी नजर इस क्षत-विक्षत शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मुखिया रंजीत यादव और प्रतापपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी मोहन तिर्की पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. मृतका की अनुमानित उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है.
यह घटना चार-पांच दिन पुरानी है, क्योंकि शव में कीड़े लग चुके हैं
शव की स्थिति से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह घटना चार-पांच दिन पुरानी है, क्योंकि शव में कीड़े लग चुके हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह पर शव मिला है, उसके आसपास जमीन पर आग लगने या जलने के कोई भी निशान मौजूद नहीं हैं. इससे यह प्रबल आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद, उसके शव को जलाने का प्रयास किया गया और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे इस सुनसान जंगल में लाकर फेंक दिया गया.
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि उनकी पंचायत या आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से किसी भी महिला के गुमशुदा होने की कोई सूचना नहीं मिली है, जिससे यह अंदेशा है कि मृतका किसी अन्य क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है. थाना प्रभारी मोहन तिर्की ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
महिला कौन थी और इस जघन्य अपराध को किन लोगों ने अंजाम दिया?
मृतका की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों को भी सूचित कर दिया गया है. पुलिस फॉरेंसिक टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला कौन थी और इस जघन्य अपराध को किन लोगों ने अंजाम दिया है.
इनपुट: आईएएनएस
यह भी पढ़ें: प्रेमी के साथ बिना कपड़ों के थी पत्नी, पति ने देखा और दोनों को कुल्हाड़ी से काट डाला, लोहरदगा डबल मर्डर से सनसनी