SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ट्रेन में परवान चढ़ा प्यार, सूरत में चला चाकू, अब गिरिडीह में प्रेमिका और ससुर का कत्ल, निकला रात 3 बजे का कनेक्शन

ट्रेन में शुरू हुआ प्यार, सूरत में चला चाकू, पंचायत में लगा जुर्माना... फिर भी नहीं भरा जख्म, प्रेमिका किसी और के साथ दिखी तो रात 3 बजे प्रेमिका और उसके ससुर को काट डाला. जी हां, यह घटना जिसने भी जाना वह सहम गया. गिरिडीह पुलिस ने 10 घंटे में रानीखावा डबल मर्डर का राज खो दिया. साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Edited By Shailendra
Published: Nov 23, 2026, 23:24 IST | Updated: Nov 23, 2026, 23:32 IST
Image Credit: प्रेमिका की बेवफाई से बना कातिल! रात 3 बजे घर में घुसकर प्रेमिका और उसके ससुर को काट डाला (Photo-AI)
Join

गिरिडीह जिला के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में हुए ससुर-बहू के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 10 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. यह हत्या एकतरफा प्यार की नहीं, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे प्रेम प्रसंग, धोखा और बदले की कहानी का खूनी अंत था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्यारोपी बासुदेव मंडल और मृतका शीला देवी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी प्रेम में धोखा मिलने के बाद बासुदेव ने ठान लिया था कि जब शीला मेरी नहीं हो सकी, तो उसे किसी का नहीं होने दूंगा.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कहानी करीब तीन-चार वर्ष पूर्व की है. बासुदेव और शीला का पति सूरत में एक साथ काम करते थे. दोनों एक ही गांव के थे. उस वक्त ट्रेन में आरोपी बासुदेव मंडल, शीला और शीला का पति कई बार एक साथ आना-जाना करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच लगाव बढ़ गया. ट्रेन में सफर करते-करते शीला और बासुदेव की नजदीकियां बढ़ने लगी. धीरे-धीरे एक-दूसरे का मोबाइल नंबर लेन-देन हुआ और फिर बातचीत होने लगी. बातचीत धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई. फिर दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे और प्रेम प्रसंग और आगे बढ़ गया. दोनों आपस में काफी घुल-मिल गए. शीला अपने पति से छिपाकर बासुदेव के साथ रिश्ता बनाने लगी.

इसी बीच सूरत में शीला का किसी और के साथ प्रेम प्रसंग चलने की जानकारी बासुदेव को मिली, जिसके बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हुई. उस वक्त बासुदेव ने सूरत में ही शीला का किसी और के साथ संबंध होने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद सूरत पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. यहीं से बासुदेव के दिल में शीला के लिए नफरत पैदा हो गई.

इसके बाद शीला गिरिडीह के पचंबा स्थित रानीखावा गांव अपने ससुराल आ गई. यहां कुछ दिनों तक फिर से दोनों मिलने लगे, लेकिन फिर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद बासुदेव ने शीला के ससुराल में एक बार आग भी लगा दी थी. इसके बाद गांव में पंचायत हुई थी और बासुदेव मंडल को नुकसान की भरपाई करने का निर्देश मिला था, जिसके बाद बासुदेव ने जुर्माना भी दिया था. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत लगभग बंद हो गई थी, लेकिन शीला बासुदेव को छोड़कर किसी और के साथ आना-जाना करने लगी, जो बासुदेव को नागवार गुजरा और फिर उसने बदला लेने की ठान ली.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बासुदेव को अपना बदला लेने का एक अच्छा मौका मिल गया. रविवार की रात गांव में एक भक्ति कार्यक्रम था, जिसमें शीला भी गई हुई थी और बासुदेव भी. जब बासुदेव ने देखा कि शीला किसी और के साथ आई हुई है, तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा. फिर उसने उसका पीछा करना शुरू किया.

रात में जब शीला अपने घर पहुंच गई और उसका ससुर शुकर मंडल दूसरे घर में सोने के लिए चला गया, तो नशे की हालत में वह शीला के घर पहुंच गया और उसका दरवाजा पीटने लगा. इसके बाद शीला ने अपने ससुर को इसकी सूचना दी. देर रात उसका ससुर एक लाठी लेकर उसे भगाने के लिए पहुंचा. इसी दौरान नशे की हालत में बासुदेव ने शुकर मंडल के ऊपर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई. अपने ससुर के चीखने की आवाज सुनकर जब शीला घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकली, तो बासुदेव ने उसकी भी हत्या कर दी.

हत्या करने के बाद वह अपने ससुराल देवघर जिले के करों के करमाटांड़ पहुंच गया, जहां उसकी बहन का भी घर है. वहां जाकर छिप गया, लेकिन पचंबा थाना पुलिस ने घटना के महज कुछ ही घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

इधर, घटना के बाद सोमवार सुबह से ही गांव में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी और ग्रामीणों में भारी आक्रोश था. ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दे रहे थे. मौके पर डीएसपी आरके राणा, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पचंबा पुलिस के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे. फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई थी.

फिलहाल, इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया है, वो भी महज दस घंटे के अंदर. 22 नवंबर रविवार गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार इस पूरे मामले में संभवतः प्रेसवार्ता कर सकते हैं.

रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा

यह भी पढ़ें: 'ढोंगी, पाखंडी और धूर्त...', बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री पर निकाली भड़ास, बोले- खुद को ही बचा ले बावले

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES