SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, राज्य में शोक की लहर

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का 7 अक्टूबर, 2026 बुधवार शाम रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और अस्पताल में भर्ती थीं. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन की रूपी सोरेन पत्नी थीं.

Edited By Shailendra
Published: Oct 07, 2026, 10:32 PM IST | Updated: Oct 07, 2026, 10:42 PM IST
Image Credit: सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन (File- Photo)
Join

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को रांची के बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया. उनके निधन की जानकारी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ दीपक गुप्ता और डॉ उज्जवल राय ने दी. वह करीब 80 वर्ष की थीं. उनके निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई.

रूपी सोरेन पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं. हाल के दिनों में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी. सितंबर में उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इससे पहले उनका हैदराबाद में भी इलाज कराया गया था. रांची लौटने के बाद उनकी तबीयत में कई बार गिरावट आई और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहा. बुधवार को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई.

चिकित्सकों की टीम ने उनके उपचार के लिए विशेषज्ञों को बुलाया. कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्जवल राय समेत अन्य चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे थे. बुधवार शाम उनकी हालत और बिगड़ गई, और बाद में चिकित्सकों ने उनके निधन की पुष्टि की. रूपी सोरेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार के अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए थे.

राज्य मंत्रिपरिषद की बुधवार शाम प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई थी. मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे हिल व्यू अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली. उनके अस्पताल पहुंचने के बाद राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत कई नेता भी वहां पहुंचे थे. रूपी सोरेन का विवाह एक जनवरी 1962 को शिबू सोरेन के साथ हुआ था. विवाह के बाद वह लगातार शिबू सोरेन के साथ रहीं.

शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में थे. वह झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री भी रहे. शिबू सोरेन का 4 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हुआ था. पति के निधन के बाद रूपी सोरेन परिवार के साथ रहीं और झारखंड मुक्ति मोर्चा के राजनीतिक परिवार की वरिष्ठ सदस्य के रूप में उनकी उपस्थिति बनी रहीं.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिकित्सकों से जानकारी लेते रहे थे. रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की जा रही है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES