App

झारखंड में होगा कैंसर का इलाजः प्रदेश के 6 स्थानों पर बनेगा रेडिएशन सेंटर, देखें सरकार का पूरा प्लान

झारखंड के कैंसर मरीजों को प्रदेश में ही इलाज की सुविधा देने के लिए हेमंत सोरेन सरकार अब राजधानी रांची समेत राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में पीपीपी मॉडल पर कैंसर डे-केयर और रेडिएशन सेंटर शुरू करने की तैयारी कर रही है.

झारखंड में होगा कैंसर का इलाजः प्रदेश के 6 स्थानों पर बनेगा रेडिएशन सेंटर, देखें सरकार का पूरा प्लान
Image Credit: झारखंड के 6 स्थानों पर बनेगा रेडिएशन सेंटर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

झारखंड के कैंसर पीड़ितों को अब इलाज के लिए दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. हेमंत सोरेन की सरकार ने अपने राज्य के कैंसर मरीजों को अब प्रदेश में ही बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराने का प्लान तैयार किया है. इसके लिए प्रदेश में स्थित मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में कैंसर डे-केयर एवं रेडिएशन की सुविधा का विस्तार करने का फैसला लिया गया है. इसी कड़ी में 6 स्थानों पर रेडिएशन सेंटर विकसित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है. इस पहल को जमीन पर उतारने के लिए स्वास्थ्य विभाग बड़ी तेजी से कार्य कर रहा है. इस मामले को लेकर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को तेजी से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं.

इन 6 जिलों में बनेगा रेडिएशन सेंटर

मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि कैंसर उपचार केंद्रों को विकसित करने के लिए दो हिस्सों में काम किया जाएगा. उन्होंने बताया कि पहले क्लस्टर में जमशेदपुर, धनबाद और दुमका को रखा गया है, जबकि दूसरे क्लस्टर में राजधानी रांची, हजारीबाग और पलामू शामिल हैं. इन 6 जिलों में स्थित मेडिकल कॉलेजों में रेडिएशन सेंटर की स्थापना की जाएगी. इसके अलावा, जिला अस्पतालों में कीमोथेरेपी की सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक उपकरणों और दवाओं को उपलब्ध कराया जाएगा. डॉक्टरों की कमी को लेकर भी विस्तृत आकलन करके रिपोर्ट मांगी गई है.

कार्डधारक मरीजों का होगा कैशलैश इलाज

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने रिम्स में केंद्रीकृत निगरानी के लिए कंट्रोल एवं कमांड सेंटर और रांची, जमशेदपुर एवं धनबाद में पैट स्कैन सुविधा विस्तार की संभावनाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने योजना की निगरानी के लिए विभागीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, कैंसर के मरीजों की जेब पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को खत्म करने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने आयुष्मान भारत और अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के कार्डधारियों का पूरी तरह कैशलैश इलाज करने का ऐलान किया है. इसके अलावा अन्य सामान्य मरीजों के लिए बेहद कम यानी सीजीएचएस दरों पर शुल्क तय किया जाएगा.

'ओमान के साथ जल्द होगा समझौता'

हेमंत सरकार अब ओमान में तैयार हो रही आधुनिक कैंसर की दवाइयों और उपचार तकनीक को झारखंड तक लाने की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं. इसकी जानकारी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में दी थी. इस कार्यक्रम में 32 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. इसी कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया था कि ओमान सहित कई देशों के प्रतिनिधियों से स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई है. ओमान के साथ जल्द स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र में समझौता करने की दिशा में काम किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More