झारखंड के पलामू से तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. राज्यपाल बनाए जाने के बाद उनके घर का माहौल भावुक हो गया है. परिवार के सदस्यों की आंखों में खुशी के आंसू हैं. डॉ. हरि बाबू कंभमपति की जगह ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद बृजमोहन राम ने अपने परिवार के साथ घर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान को दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया. राज्यपाल के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका पहला दिन आस्था और भावनाओं के नाम रहा.
PM मोदी ने फोन कर दी जानकारी
बृजमोहन राम को नई जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद फोन कर दी. प्रधानमंत्री ने पहले उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और फिर सरकार की ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी दी. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी फोन कर उन्हें बधाई दी. देर रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद इस खबर पर आधिकारिक मुहर लग गई. अब ओडिशा के राज्यपाल के रूप में बृजमोहन राम की नई पारी शुरू होने जा रही है.
राज्यपाल बनाए जाने पर पत्नी हुई भावुक
बृजमोहन राम को राज्यपाल बनाए जाने के बाद उनकी पत्नी भी बेहद भावुक नजर आईं. उनकी आंखों में खुशी के आंसू साफ दिखाई दे रहे थे. वहीं, उनके बेटे ने अपने पिता के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया. आस्था, भावनाओं और परिवार की खुशियों के बीच बृजमोहन राम के लिए यह दिन बेहद खास बन गया. घर के मंदिर में माथा टेककर उन्होंने अपने नए सफर की शुरुआत की.
चंदवा क्षेत्र में खुशी की लहर
वरिष्ठ भाजपा नेता और पलामू लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद बृजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने की खबर से लातेहार जिले के चंदवा क्षेत्र में खुशी की लहर है. केंद्र सरकार द्वारा सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, बृजमोहन राम को ओडिशा के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है. चंदवा गांव से ताल्लुक रखने वाले बृजमोहन राम की इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर नियुक्ति को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है. उनकी नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है. लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
रिपोर्ट: कामरान जलीली