App

लोहरदगा में जामा मस्जिद और मजार शरीफ में तोड़फोड़ का प्रयास: सड़कों पर उतरे आक्रोशित लोग, पुलिस जांच में जुटी

लोहरदगा में जामा मस्जिद और मजार शरीफ में तोड़फोड़ के प्रयास का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्यप्त हो गया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है.

लोहरदगा में जामा मस्जिद और मजार शरीफ में तोड़फोड़ का प्रयास: सड़कों पर उतरे आक्रोशित लोग, पुलिस जांच में जुटी
Image Credit: लोहरदगा में जामा मस्जिद और मजार शरीफ में तोड़फोड़ का प्रयास (Photo-AI)

झारखंड के लोहरदगा शहर स्थित जामा मस्जिद और हजरत बाबा दुखन शाह के मजार शरीफ में मंगलवार देर रात तोड़फोड़ और धार्मिक ग्रंथों के अनादर के प्रयास का एक संवेदनशील मामला सामने आया है. बुधवार दिन में जब इसकी खबर शहर में फैली तो तनाव और नाराजगी का माहौल बन गया. लोगों ने इस मामले में आरोपी युवक को पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले किया है.

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने बुधवार सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे के बीच जामा मस्जिद के सामने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों और समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया है, उससे यह किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है.

उन्होंने आशंका जताई कि माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से युवक को किसी गिरोह या साजिशकर्ताओं द्वारा भेजा गया हो सकता है. लोगों ने मांग की है कि मामले की गहनता से निष्पक्ष जांच की जाए और इसके पीछे शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं को चिन्हि्त कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. मामले को लेकर अंजुमन इस्लामिया की ओर से सदर थाना पुलिस को एक लिखित आवेदन सौंपा गया है, जिसमें पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई गई है.

इधर, पुलिस की तरफ से की गई प्रारंभिक पूछताछ और आरोपी के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मानसिक स्थिति के पहलू के साथ-साथ सभी संभावित कोणों से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. फिलहाल, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More