App
Live Now

Live: संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज, कांग्रेस भी बनाएगी अपनी स्ट्रैटजी, देखें अन्य दलों का रुख

संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने आज (शुक्रवार, 27 नवंबर) को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है. उधर, कांग्रेस पार्टी ने भी आज एक बैठक बुलाई है. इस विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे विधेयक पेश किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं.

Live: संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज, कांग्रेस भी बनाएगी अपनी स्ट्रैटजी, देखें अन्य दलों का रुख
Image Credit: संसद सत्र को लेकर सियासी पारा चढ़ा (Photo- Zee Media)

30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस विशेष सत्र में सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे विधेयक पेश किए जा सकते हैं. संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने आज (शुक्रवार, 27 नवंबर) को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है. पीएम मोदी की अध्यक्षता में दोपहर एक बजे बैठक आयोजित की जानी है. बैठक को लेकर सभी मंत्रियों को सूचना भेज दी गई है और उनसे इस बैठक में उपस्थित रहने की अपील की गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा हो सकती है. उधर, कांग्रेस पार्टी ने भी आज एक बैठक बुलाई है. जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विशेष रणनीति पर चर्चा की जाएगी. 

सांसदों से पीएम मोदी की अपील

इससे पहले 25 नवंबर को हुई कैबिनेट मीटिंग के दौरान सभी मंत्रियों को विदेश दौरे पर नहीं जाने के निर्देश दिए गए थे. बैठक में पीएम मोदी ने संसद के आगामी सत्र को देखते हुए 15 दिसंबर तक मंत्रियों और सांसदों को विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी थी. बैठक में ही पीएम मोदी ने सत्र की तैयारियों की जरूरत पर जोर देते हुए मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को आगामी सत्र के लिए तैयार रखने को कहा था. उनके इस निर्देश के बाद से ही विशेष सत्र बुलाये जाने की संभावनाएं काफी बढ़ गई थीं. अब 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होने के ऐलान के बाद इस अपील को काफी अहम माना जा रहा है.

पहले पारित नहीं हो पाया था विधेयक

सरकार ने इससे पहले 16 अप्रैल को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 पेश किया था. इसका उद्देश्य लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करना और 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना था. हालांकि, इस विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं हो सका था. इस वजह से यह पारित नहीं हो पाया था. अब सरकार एक बार फिर से इस बहुमत को पास कराने की कोशिश कर सकती है.

कौन-कौन से दल दे सकते हैं साथ?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस विधेयक पर सरकार को किन दलों का समर्थन मिल सकता है. परिसीमन विधेयक की अटकलबाजी के बीच कांग्रेस सांसद कार्ति पी. चिदंबरम ने शरद पवार की पार्टी और डीएमके के रुख में परिवर्तन के संकेत दिए हैं. उनके अनुसार, दोनों दल इंडिया ब्लॉक के खिलाफ जाकर सरकार का समर्थन कर सकते हैं. उन्होंने बीजेपी के अलावा डीएमके और एनसीपी-एसपी को टैग करते हुए एक्स पर लिखा कि लगता है बीजेपी सरकार ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. कार्ति पी. चिदंबरम के अलावा थलपति विजय की पार्टी TVK ने भी दावा किया है कि बीजेपी को DMK का समर्थन हासिल है. उधर, परिसीमन बिल पर शरद पवार की बेटी और NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले के बयान ने भी विपक्षी गठबंधन की टेंशन बढ़ा दी है. उन्होंने कहा है कि एक बार बिल को सामने आने दीजिए, हो सकता है कि यह अच्छा हो. उन्होंने आगे कहा कि पहले भी कई बार राष्ट्रहित में विपक्ष ने सरकार का साथ देते हुए कई बिल पास कराए हैं.

27 Nov 2026 08:18 IST

परिसीमन बिल पर BJD का क्या रुख?

नवीन पटनायक की पार्टी बीजेडी के उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने विशेष सत्र बुलाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकसभा का पिछला सत्र काफी पहले खत्म हो गया था, लेकिन उसे आधिकारिक तौर पर सत्रावसान नहीं किया गया था, इसलिए यह आशंका थी कि सरकार कभी भी विशेष सत्र बुला सकती है. परिसीमन बिल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के साथियों से चर्चा करने के बाद वे कोई फैसला ले सकते हैं और उसी के अनुसार पार्टी अपना रुख तय करेगी.

 

 

27 Nov 2026 08:14 IST

विशेष सत्र बुलाने पर भड़की कांग्रेस

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह क्या हो रहा है? आपने शीतकालीन सत्र रद्द कर दिया? अगर आप चर्चा करना चाहते थे, तो शीतकालीन सत्र बुलाना था. लेकिन आप शीतकालीन सत्र रद्द करके 3 दिन का ड्रामा कर रहे हैं. 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More