)
उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है. चारों राज्यों में भारी पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती के बीच मतगणना हो रही है. बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए और विपक्ष के महागठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है. UP में 11, बिहार की 8, कर्नाटक की 4 और महाराष्ट्र में 5 सीटों पर मतगणना चल रही है. यूपी विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक कोटे की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई. 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुए चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. यूपी में हुए चुनाव में कुल 55.24% मतदान हुआ था. मतगणना लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में 7 स्थानों पर हो रही है.
यूपी में मुख्य मुकाबला बीजेपी और सपा के बीच . सीएम योगी और सपा सुप्रीमो अखिलेश के लिए एमएलसी चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटरों की नब्ज पकड़ने का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है. अभी तक इन 11 सीटों में 6 पर बीजेपी, 3 पर सपा और 1-1 पर निर्दलीय व शिक्षक गुट का कब्जा था.
महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना हो रही है. इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है.
कर्नाटक की बात करें तो कर्नाटक में विधान परिषद की 4 सीटें हैं. इनमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटे हैं. इनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक सीटों में औरंगाबाद डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स और नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं.
बरेली में शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव की मतगड़ना में एमएलसी के 17 उम्मीदवारो के भविष्य का फैसला आज होने जा रहा है. खण्ड स्नातक चुनाव में 9 जिले के 47701 मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया है. चुनाव में बीजेपी कैंडिडेट हरि सिंह ढिल्लो और सपा के दानिश आजाद के बीच मुख्य मुकाबला है. सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है. मतगणना स्थल पर कमिश्नर, डीआईजी और एसएसपी समेत जिले के तमाम अधिकारी मौजूद हैं. कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय कम्युनिटी हाल में चल रही मतगणना को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए बाहर भारी फोर्स तैनात है.
यूपी से बीजेपी प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने ज़ी मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हमने जमीन पर रहकर चुनाव लड़ा है. बीजेपी 11 की 11 सीट जीतेगी. इस तरह विपक्ष को यह बता देंगे कि चुनाव बैलेट पेपर से हो या ईवीएम से बीजेपी ही जीतेगी.
सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक सीट पर मतगणना का एक घंटा हो चुका है. यहां पर निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हुई है. निर्दलीय प्रत्याशी ने पुलिस से बोला- तुम्हारी औकात क्या है, कर लो मुझे अरेस्ट. निर्दलीय कैंडिडेट के स्ट्रांग रूम को जाने वाले रास्ते पर जाने से रोकने पर उनकी पुलिस से बहस हुई है. इसके बाद एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर प्रत्याशी को अंदर भेजा. मेरठ की कृषि यूनिवर्सिटी में चल रही है मतगणना.
MLC चुनावों की मतगणना कड़ी सुरक्षा में चल रही है. Zee Media की टीम मौके पर मतगणना स्थल के पास मौजूद है. आपको हमारे संवाददाता तमाम अपडेट्स दे रहे हैं. आगरा के मंडलायुक्त/रिटर्निंग ऑफिसर नागेन्द्र प्रताप सिंह भी मतगणना स्थल पर मौजूद हैं. आगरा के डीएम, मथुरा के डीएम, एटा के डीएम और फिरोजाबाद के डीएम समेत सभी 12 जिलों के डीएम मौजूद हैं. मतगणना शुरू होते ही बीजेपी खंड शिक्षक के प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी और सपा कैंडिडेट आकाश अग्रवाल दोनों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है. सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने एक बार फिर भाजपा पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का लगाया लगाया है.
गोरखपुर में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दिन बीजेपी कैंडिडेट ध्रुव त्रिपाठी ने कहा, 'बीजेपी बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है.'
चारों राज्यों में कड़ी सुरक्षा में मतगणना चल रही है. यहां देखिए यूपी के गोरखपुर का नजारा.
#WATCH | Gorakhpur, UP: Security tightened around the counting centre ahead of MLC vote counting, with multi-layered barricading and deployment of police. https://t.co/ex274JdkYf
— ANI (@ANI) October 27, 2026
यूं तो चार राज्यों की 28 सीटों में हर सीट पर रोमांचक मुकाबला होने के आसार हैं, लेकिन इस बार बिहार में हुए एमएलसी चुनाव में सबसे ज्यादा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. बिहार में विधायक अनंत सिंह और जेडीयू से एमएलसी नीरज कुमार के बीच जबरदस्त खींचतान दिखी. दोनों बयानवीरों ने एक-दूसरे को खूब कोसा. यहां की एक और सबसे खास बात ये रही कि हाईटेक प्रशांत किशोर की नई-नवेली पार्टी जनसुराज की तरफ से सभी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, इसके बाद बिहार का मुकाबला और दिलचस्प हो गया था.
निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ पर नतीजे देखे जा सकते हैं. यहां आप आधिकारिक नतीजे और विजेता उम्मीदवारों का एकदम सटीक अपडेट देख सकते हैं, कौन आगे- कौन पीछे इसकी सटीक जानकारी आपको यहीं मिलेगी. वहीं राज्य स्तर के स्थानीय चुनाव होने की वजह से इसका सबसे सटीक अपडेट आप संबंधित चारों राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर देख सकते हैं. एमएलसी चुनाव की काउंटिंग के पल-पल के लाइव अपडेट्स के लिए आप हमारी वेबसाइट्स पर भी देख सकेंगे.
सुबह आठ बजते ही चारों राज्यों के काउंटिंग सेंटर्स पर राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर मतगणना चल रही है. 2026 के MLC चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के बीच देखने को मिल रहा है. चार राज्यों में यूपी की 11, बिहार की आठ, महाराष्ट्र की पांच और कर्नाटक की चार सीटों के नतीजे सामने आएंगे.