प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी खेमे में बड़ी फूट देखने को मिल रही है. शरद पवार और एमके स्टालिन की पार्टी ने इस बिल पर कांग्रेस को झटका देते हुए सरकार का समर्थन किया है. दोनों दलों ने संसद में बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है. इसके बाद लोकसभा में सांसदों के बैठने की व्यवस्था भी बदल गई है. जानकारी के अनुसार, अब DMK और शरद गुट के सांसद विशेष सत्र के दौरान कांग्रेस के साथ नहीं बैठेंगे.
इसके अलावा उद्धव ठाकरे गुट से बगावत करने वाले 6 सासंदों की सीट में भी बदलाव किया गया है. जानकारी के अनुसार, NCP (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले अब DMK सांसद कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी. इसी तरह से शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद अरविंद सावंत के लिए अब 500 नंबर की सीट अलॉट की गई है. वह इससे पहले 433 नंबर सीट पर बैठते थे. इस फेरबदल से समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के कुछ सांसदों की सीटें बदल गई हैं. हालांकि, यह सभी सांसद विपक्ष की तरफ ही बैठेंगे.
बीजेपी की संसदीय दल की बैठक आज
विशेष सत्र से पहले बीजेपी ने आज (रविवार, 29 नवंबर) अपनी संसदीय दल की बैठक बुलाई है. पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी के सभी सांसद शामिल हो सकते हैं. जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी सांसदों को परिसीमन बिल की जानकारी दी जाएगी. इससे सांसदों में बिल को लेकर कोई संसय ना रहे. उधर, परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि नारी शक्ति को जनप्रतिनिधित्व में भी मजबूत भागीदारी दिलाना मोदी सरकार का संकल्प रहा है.
महिला आरक्षण बिल पर अमित शाह का ट्वीट
गृहमंत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी के साथ ही देश की महिलाओं की दशकों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को लोकसभा व विधानसभाओं में जो 33% आरक्षण दिया गया था, वह अब साकार होगा.