)
विशेष सत्र में मोदी सरकार परिसीमन विधेयक लाने वाली है. सरकार जहां इस बार बिल को पास कराने के लिए जरूरी बहुमत का जुगाड़ करने में लगी है, वहीं कांग्रेस भी झुकने के मूड में नहीं है. लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार (27 नवंबर) को कांग्रेस की बैठक में पार्टी नेताओं से साफ कहा है कि कांग्रेस प्रस्तावित विधेयक का पूरी ताकत से विरोध करेगी, भले ही सदन में संख्या बल पक्ष में न हो. बिल पर विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज (शनिवार, 28 नवंबर) को INDIA ब्लॉक की अहम बैठक बुलाई है. इस बैठक से पहले ही विपक्षी एकता बिखरती हुई नजर आ रही है. शरद पवार की पार्टी NCP-SP ने बिल पर सरकार का समर्थन करने की बात कही है. वहीं, डीएमके और जेएमएम का रुख भी स्पष्ट नहीं है.
जेएमएम ने बढ़ाई कांग्रेस की टेंशन
INDIA ब्लॉक की सहयोगी और झारखंड की सत्ताधारी पार्टी जेएमएम ने अभी तक इस बिल पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं. परिसीमन बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए जेएमएम प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पहले विधेयक को देखा जाएगा. अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात देखना होगा. बहुत सारे पहलुओं को देखना होगा. इसके बाद देश और झारखंड हित में निर्णय लिया जाएगा. बता दें कि अप्रैल 2026 में जब परिसीमन बिल लोकसभा में पेश हुआ था, तब जेएमएम ने इसका विरोध किया था. तत्कालीन जेएमएम अध्यक्ष स्वर्गीय शिबू सोरेन ने कहा था कि परिसीमन के कारण झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या कम हो जाएगी.
सरकार को मिला शरद पवार का साथ
उधर, महाराष्ट्र के दिग्गज नेता शरद पवार ने परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का साथ देने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि उनकी उनकी पार्टी इस बिल पर संसद में सरकार का समर्थन करेगी. एनसीपी (शरद पवार गुट) के जाने से विपक्षी गठबंधन को बड़ा झटका लगा है. शरद गुट के विधायक जितेंद्र आव्हाड़ ने शरद पवार के साथ मीटिंग के बाद पत्रकारों को बताया कि पार्टी प्रमुख ने इस बिल का समर्थन करने की बात कही है. उनका कहना है कि देश की बढ़ती आबादी को देखते हुए संसद और विधान सभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है. लिहाजा उनकी पार्टी संसद में इस फैसले का समर्थन करेगी. बता दें कि पिछली बार शरद पवार की पार्टी ने परिसीमन बिल का विरोध किया था.
कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से इस बैठक में डीएमके, आम आदमी पार्टी, एनसीपी (एसपी), शिवसेना (यूबीटी), समाजवादी पार्टी, जेएमएम, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और ओडिशा के प्रमुख दल बीजू जनता दल सहित तमाम विपक्षी नेताओं को न्योता भेजा है. कांग्रेस की कोशिश है कि सदन के भीतर वोटिंग से पहले इन दलों के मन में चल रही दुविधा को दूर किया जाए और एक साझा रणनीति तैयार की जाए.
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने आवास पर सुबह 11 बजे विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है. इस बैठक में 'इंडिया' गठबंधन में शामिल पार्टियों के साथ-साथ डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजेडी के नेताओं को बुलाया है.
परिसीमन विधेयक पर इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले कांग्रेस ने क्षेत्रीय अस्मिता का मुद्दा को उछालने की कोशिश की है. तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि अगर सरकार अपने इरादों में कामयाब हो गई, तो संसद में तमिलनाडु की मोलभाव करने की ताकत कम हो जाएगी.
#WATCH | Chennai, Tamil Nadu | On Delimitation Bill and upcoming Parliament session, Congress MP Praveen Chakravarty says, "This is an attack on the state of Tamil Nadu because Tamil Nadu's bargaining power in Parliament will go down dramatically if the formula that everybody is talking about is introduced. If the total number of seats is increased for everybody by the same proportion, it means Tamil Nadu's bargaining power will go down. It is important for all political parties in Tamil Nadu to fight to preserve Tamil Nadu's rights..." (27.11)
— ANI (@ANI) November 27, 2026