App

बाकी ग्रह हैं निपट सूखे, फिर धरती पर ही क्यों मिला इतना पानी? खुलने जा रहा अरबों साल पुराना राज, ‘Z मशीन’ खोलेगी सीक्रेट

Research on Water on Earth: सौरमंडल के बाकी ग्रहों को छोड़कर आखिरकार धरती पर ही पानी क्यों मिला है? यह सवाल सबके दिमाग में आता था. अब शक्तिशाली ‘Z मशीन’ इसका राज खोलने वाली है.

बाकी ग्रह हैं निपट सूखे, फिर धरती पर ही क्यों मिला इतना पानी? खुलने जा रहा अरबों साल पुराना राज,  ‘Z मशीन’ खोलेगी सीक्रेट

Where Water on Earth Came From? सौरमंडल में पृथ्वी समेत 8 ग्रह हैं, जो सूर्य के चारों ओर परिक्रमा करते हैं. इन 8 ग्रहों में से केवल पृथ्वी ही ऐसी है, जहां पर पानी पाया गया है. जिसके चलते धरती पर जीवन संभव हो पाया है. लेकिन सवाल है कि पृथ्वी पर पानी आया कैसे. जब ब्रह्मांड के बाकी ग्रहों पर आज तक पानी की खोज नहीं हो पाई है तो पृथ्वी पर इतनी आसानी से यह कैसे उपलब्ध हो गया. यह वो बड़ा रहस्य है, जिसका राज आज तक वैज्ञानिक खोज नहीं पाए हैं. अब इसी राज को जानने के लिए शक्तिशाली 'Z मशीन' को मैदान में उतारा गया है. आज हम आपको बताते हैं कि यह मशीन क्या है और धरती पर पानी की खोज कैसे कर रही है.

पृथ्वी की गहराई में छिपा राज आएगा बाहर

असल में न्यू मैक्सिको की सैंडिया नेशनल लेबोरेटरीज में स्थित 'Z मशीन' एक अत्यंत शक्तिशाली उपकरण है. यह ऐसे शक्तिशाली झटके (शॉकवेव) उत्पन्न करती है, जो हमारी पृथ्वी के भीतर की अत्यधिक गहराइयों जैसी परिस्थितियों को सिम्युलेट कर सकती हैं.

साइंस जर्नल नेचर के मुताबिक, इस मशीन के कैपेसिटर्स का घेरा लगभग दो बास्केटबॉल कोर्ट के आकार के कमरे में फैला हुआ है. जब ये संचालित होते हैं तो तीव्र इलेक्ट्रिक पल्स छोड़ते हैं. वे पल्स दुनिया के सभी बिजली संयंत्रों में बनाई जाने वाली ऊर्जा से भी अधिक शक्ति प्रदान करता है. इससे एक तेज शॉकवेव का जन्म होता है, जो इस मशीन के केंद्र में रखी किसी भी वस्तु को विशाल गैसीय ग्रहों के भीतर भारी दबाव के बराबर ला देती है.

'Z मशीन'  को चलाने के लिए 100 लोगों की जरूरत

इस मशीन को संचालित करने में सौ से अधिक लोगों के सहयोग की जरूरत होती है. इसके प्रत्येक शॉट को सेट अप करने में पूरा एक दिन लगता है, जबकि खर्च लगभग ढाई लाख डॉलर आता है. रिसर्चर क्लार्क के मुताबिक, पृथ्वी एक स्पंज की तरह है.

इस ग्रह के निर्माण के शुरुआती दौर में धरती के भीतर मौजूद पिघली चट्टानों ने पानी को अपने अंदर सोख लिया था और उसे बांधकर रखा था. जो कि भू-वैज्ञानिकों द्वारा आमतौर पर बताई जाने वाली मूल कहानी के बिल्कुल विपरीत है.

पृथ्वी के अंदर कहां से आया पानी?

इस विचार का परीक्षण करने के लिए, क्लार्क 'Z मशीन' के जरिए यह जानना चाहते हैं कि पृथ्वी के केंद्र के पास की परिस्थितियों में पिघली हुई चट्टानें कैसे व्यवहार करती हैं. वे यह भी संभावना जताते हैं कि अपनी पिघली हुई अवस्था में शुरुआती पृथ्वी ने ब्रह्मांडीय धूल और गैस से जमा किए गए अपने मूल जल अणुओं में से कुछ को शायद अपने भीतर सहेज कर रखा होगा.

यदि यह सच था, तो आज पृथ्वी की सतह पर मौजूद अधिकांश पानी भूगर्भिक समय के साथ ज्वालामुखियों के माध्यम से इसके गर्म आंतरिक भाग से बाहर निकला होगा. इससे भी बड़ी मात्रा  यानी महासागरों के बराबर पानी  इस ग्रह के आंतरिक भाग में ही शेष रह गया होगा. हालांकि, यह कितना सच है. इसी सवाल का जवाब पाने के लिए अब इस मशीन की मदद से रिसर्च की जा रही है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More