App

CEO की कुर्सी पर वापसी के बाद भी आसान नहीं होगी जेनसन हुआंग की राह; इन 5 मोर्चों पर होगी असली परीक्षा

जेनसन हुआंग की एनवीडिया कंपनी में CEO की कुर्सी पर फिर बहाली भले ही हो गई हो, लेकिन उनकी आगे की राह आसान नहीं होने वाली है. इन 5 मोर्चों पर उनकी असली परीक्षा होने वाली है.

CEO की कुर्सी पर वापसी के बाद भी आसान नहीं होगी जेनसन हुआंग की राह; इन 5 मोर्चों पर होगी असली परीक्षा
Image Credit: जेनसन हुआंग के सामने 5 बड़ी चुनौतियां

जेनसन हुआंग सोमवार को दोबारा से अमेरिका की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी के CEO बन गए. बोर्ड डायरेक्टर्स ने चर्चा के बाद आम सहमति से इस फैसले की घोषणा की. एनवीडिया के बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी जोन्स ने कहा कि अमेरिकी सरकार से चर्चा के बाद हुआंग को वापस पद पर बहाल करने का फैसला लिया गया है. बोर्ड को भरोसा है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं होगा. उन्होंने कहा कि यह फैसला कंपनी और शेयरधारकों समेत सभी लोगों के हित में है. इससे सभी लोगों को फायदा होगा.

दोबारा कुर्सी मिली, लेकिन कांटे भी साथ आए

जेनसन हुआंग ने इस फैसले के लिए कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स समेत सभी शेयरधारकों का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि वे पहले की तरह कंपनी को आगे भी सफलता के शिखर पर ले जाने का मिशन जारी रखेंगे. इस फैसले के बाद जेनसन खुश भले ही हों, लेकिन उनकी मुश्किलों का अंत अभी भी नहीं हुआ है. उनके सामने 5 ऐसी चुनौतियां हैं, जो आगे भी उनकी लगातार परीक्षा लेती रहेंगी. आइए, उन चुनौतियों के बारे में एक-एक करके आपको बताते हैं.

जेनसन हुआंग के लिए अभी क्यों बनी हुई है मुश्किल?

जेनसन पर स्वतंत्र जांच अभी बाकी है

रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia कंपनी ने मामले की जांच के लिए 8 नवंबर को स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई थी. यह समिति इस बात की जांच करेगी कि क्या जेनसन हुआंग वाकई किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे या फिर यह सामान्य लव अफेयर का मामला था. कंपनी ने साफ किया है कि जेनसन हुआंग के सीईओ पद पर बहाल होने के बावजूद यह जांच अपने अंजाम तक जरूर पहुंचेगी.

चीनी महिला से रिश्तों पर उठे सवाल

कंपनी में सीईओ का पद दोबारा पा लेने के बावजूद जेनसन हुआंग के चीनी महिला से रिश्तों पर उठे सवाल अभी भी बने हुए हैं. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि जेनसन से संबंध बनाकर कथित चीनी कारोबारी एलिस हुआंग चीन के लिए जानकारी जुटा रही थी. फिलहाल, अमेरिकी एजेंसियों को अभी तक कोई सबूत नहीं मिले हैं लेकिन उनकी जांच जारी है.

अमेरिकी सरकार की नजर बनी रहेगी

जेनसन हुआंग को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीबी माना जाता है. दोबारा से एनवीडिया का सीईओ बनने पर ट्रंप ने उन्हें बधाई भी दी. लेकिन अमेरिकी प्रशासन अपने राजनेताओं के निजी संबंधों से अलग प्रोफेशनल रवैये के लिए जाना जाता है. ऐसे में ट्रंप भले ही उनके समर्थन में खड़े हों लेकिन अमेरिकी प्रशासन की नजर उन पर बनी रहेगी.

चीन को चिप बेचने का विवाद भी चुनौती

Nvidia के लिए सबसे बड़ी चुनौती चीन को AI चिप्स की बिक्री और उससे जुड़े निर्यात नियम हैं. अमेरिकी सांसद पहले ही इस मामले में सवाल उठा चुके हैं. उनका कहना है कि कंपनी नियमों का उल्लंघन कर चोरी-छिपे आधुनिक तकनीक चीन पहुंचा रही है. ऐसे में अब जेनसन की वापसी के बाद ये सवाल और प्रमुखता से उभरेंगे, जिनसे निपटना उनके लिए आसान नहीं रहने वाला है.

शेयरधारकों के मुकदमों से कैसे निपटेंगे?

सीईओ के रूप में वापसी के बाद भी जेनसन हुआंग के लिए कानूनी और कॉर्पोरेट मोर्चे पर राह आसान नहीं रहने वाली है. असल में विवादों के सार्वजनिक होने से एनवीडिया के शेयर बाजार में भारी गिरावट आई. इसके चलते कई निवेशकों ने कंपनी और हुआंग पर मुकदमे दर्ज करा दिए हैं. आरोप लगाया कि कंपनी ने अपने मुख्य कार्यकारी के निजी मामलों, सुरक्षा जोखिमों और इसके चलते उपजे व्यावसायिक खतरों की जानकारी निवेशकों से छिपाई. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More