SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लाल चौक की दिवाली से क्यों सहमे पाकिस्तानी आतंकी? कुलगाम हमले पर मेजर जनरल एके सिवाच ने बताई 5 बड़ी वजहें

पाकिस्तान परस्त आतंकियों को जम्मू कश्मीर की शांति रास नहीं आ रही है. अज्ञात आतंकियों ने बुधवार को कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर फायरिंग कर दी. इस हमले में फोर्स के 3 जवान घायल हो गए.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 11, 2026, 04:41 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 06:14 PM IST
Image Credit: कुलगाम में सीआरपीएएफ नाके पर हुए टेरर अटैक के पीछे मेजर जनरल ने 5 संभावित वजहें बताई हैं.
Join

जम्मू कश्मीर में धीरे-धीरे सामान्य होते हालात और लाल चौक पर धूमधाम से दिवाली मनाए जाने से आतंकी बुरी तरह बौखलाए हुए हैं. उनकी यह बौखलाहट उस वक्त फूट पड़ी, जब बुधवार को बाइक से आए आतंकियों ने कुलगाम में CRPF के नाके पर फायरिंग की. इस हमले में फोर्स के 3 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल जवानों के नाम असम के राकेश दास, पश्चिम बंगाल के संतोष चंद्रू और मध्य प्रदेश के सोमवीर सिंह बताए गए हैं. इसमें संतोष चंद्रू की हालत गंभीर बताई जा रही है. आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत अलर्ट जारी कर इलाके की घेराबंदी कर दी. साथ ही, आतंकियों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया गया.

सवाल है कि कई हफ्तों की शांति के बाद सुरक्षाबलों पर हमला करके आतंकियों ने क्या कोई संदेश दिया है. इस बारे में भारतीय सेना के मेजर जनरल (रिटायर्ड) ए. के. सिवाच ने आतंकवाद के बदलते पैटर्न और हमले के लिए कुलगाम को चुने जाने पर कई अहम बातें बताईं.

सवाल - क्या रेकी करके कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला किया गया?

जवाब - बिल्कुल, कुलगाम में रेकी करके CRPF जवानों पर हमला किया गया. असल में ये आतंकी स्थानीय लोगों में से आते हैं. इनके कपड़े, वेशभूषा, भाषा सब कुछ आम लोगों जैसे होते हैं. ऐसे में ये घूमते-फिरते ऐसी जगह ढूंढने की कोशिश करते हैं, जहां जवानों पर अटैक के बाद वे तुरंत वहां से भाग सकें. इस मामले में भी कुछ ऐसा ही लग रहा है. लेकिन, वे ज्यादा दिनों तक बचेंगे नहीं. हमारी सिक्योरिटी ग्रिड इतनी मजबूत है कि कुछ ही दिनों में वे निपटा दिए जाएंगे.

सवाल- हमले के लिए CRPF को ही क्यों चुना गया?

जवाब - जम्मू-कश्मीर में CRPF बहुत बढ़िया काम कर रही है. फोर्स के जवानों ने बिना किसी नुकसान के इस साल कई आतंकियों को निपटाया है. इससे पाकिस्तान और उसके पाले हुए आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं. सुरक्षाबलों की सख्ती से आतंकी समूह चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में पाकिस्तान की आईएसआई ने निश्चित रूप से कोशिश की होगी कि सीआरपीएफ जवानों पर हमला कर आतंकियों का मोरल बूस्ट किया जाए और आतंकी संगठनों में जोश भरा जाए.

सवाल - इस हमले के पीछे किस बड़े आतंकी का हाथ हो सकता है?

जवाब - कश्मीर में लतीफ भट नाम के आतंकी पर 15 लाख रुपये का इनाम है. हो सकता है कि कुलगाम में सीआरपीएफ पर हुए हमले में वो शामिल हो. जिस तरीके से इस हमले को अंजाम दिया गया, उससे लग रहा है कि निश्चित रूप से उसे ओवरग्राउंड वर्कर्स का भी सहयोग मिला होगा. लेकिन यह चल नहीं पाएगा. कुछ ही दिनों में आप सुनेंगे कि उनका सफाया कर दिया गया .

सवाल - इस हमले के जरिए क्या भारत को कोई संदेश देने की कोशिश की गई है

जवाब - हां, निश्चित रूप से हो सकता है. पाकिस्तान ने इन आतंकी घटनाओं में अपने दामन पर छींटे आने से बचाने के लिए TRF संगठन बनाया था. लेकिन वह और कोई बल्कि लश्कर का ही एक मुखौटा संगठन है. अब अधिकतर हमले इसी संगठन के नाम पर किए जाते हैं. ऐसा करके वह यह जताने की कोशिश करता है कि ये हमले पाकिस्तान नहीं, बल्कि कश्मीर के स्थानीय मिलिटेंट ही कर रहे हैं. लग रहा है कि कुलगाम में हमला कर कुछ ऐसा ही संदेश देने की कोशिश की गई है.

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, CRPF नाका टीम पर हुई फायरिंग; 2 सैनिक घायल

सवाल - क्या आने वाले दिनों में और आतंकी हमले हो सकते हैं?

जवाब - हां, ऐसा हो सकता है. अगले कुछ दिनों में भारी बर्फबारी की वजह से पहाड़ों के सारे दर्रे बंद हो जाएंगे. जिससे पाकिस्तानी आतंकियों के लिए सरहद पार करना मुश्किल हो जाएगा. ऐसे में आईएसआई और लश्कर, जैश समेत बाकी आतंकी संगठनों की कोशिश होती है कि बर्फबारी से पहले ज्यादा से आतंकियों को भारत की ओर धकेल दिया जाए. इससे निपटने के लिए हमारे जवान भी पूरी तरह तैयार हैं. जो भी आतंकी यहां पर आया, वह बचकर वापस नहीं जाएगा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES