)
एसआईआर को लेकर 2026 में मचे घमासान के बीच देशभर में लाखों नाम सही दस्तावेज न होने की वजह से वोटर लिस्ट से कटे और फिर से आवेदन करने के बाद वापस जुड़े भी. इस बीच पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवजात बच्ची बीते दो महीने से ज्यादा समय से अपने जन्म प्रमाणपत्र का इंतजार कर रही है. परिवार का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान उसके पिता का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के कारण जन्म पंजीकरण की प्रक्रिया अटक गई है. वहीं बच्ची के पिता अब्दुल हबीब ने बताया कि अधिकारियों ने उन्हें निवास प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया है. इसलिए उनकी बेटी का बर्थ सर्टिफिकेट नहीं बन पाया है.
अब्दुल हबीब की बेगम अमीना खातून ने 8 सितंबर को दिनहाटा के सरकारी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन परिवार को अब तक उसका आधिकारिक जन्म रिकॉर्ड नहीं मिल पाया है. हबीब ने बताया कि समस्या तब शुरू हुई जब वह निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए स्थानीय पंचायत पहुंचे तो अधिकारियों ने SIR अभियान और मतदाता सूची से उनका नाम हटने को दस्तावेज जारी न करने की वजह बताया.
परिवार का आरोप है कि SIR में पिता का नाम हटने के बाद निवास प्रमाणपत्र नहीं मिला और इसी वजह से बच्ची का जन्म पंजीकरण अटक गया.
काफी दौड़भाग के बाद उन्हें स्थानीय विधायक से संपर्क करने की सलाह दी. सरकारी दफ्तरों के तमाम चक्कर काटने के बावजूद उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले को लेकर ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) लाम्हू वाई वांगडी ने कहा कि प्रशासन इस मामले को देखेगा.
कूचबिहार बीजेपी अध्यक्ष अभिजीत बर्मन का कहना है कि अगर हबीब वास्तविक मतदाता हैं तो उनका नाम निश्चित रूप से सामने आएगा. उन्हें ट्रिब्यूनल में जाकर अपील करनी चाहिए. अगर वह वास्तविक निवासी हैं तो चिंता की कोई बात नहीं है. नियमों के अनुसार बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र जारी हो जाएगा.
कूचबिहार कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विश्वजीत सरकार का आरोप लगाया कि SIR अभियान के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम भी हटाए गए हैं, जिससे परिवारों को जरूरी दस्तावेज हासिल करने में परेशानी हो रही है.
इस मामले के तकनीकि पहलुओं के इतर आइए जानते हैं कि देश में जन्म प्रमाणपत्र जारी होने के नियम क्या कहते हैं.
देश में जन्म प्रमाणपत्र के लिए यूं तो एक समान नियम है, लेकिन इसे बनवाने की प्रक्रिया और स्थानीय नियम राज्य/स्थानीय निकाय के हिसाब से अलग हो सकते हैं. भारत में जन्म-मृत्यु पंजीकरण का मुख्य कानून जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 में निहित है. हालांकि 2023 में इसमें कुछ बदलाव हुए.
जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2023 के तहत
केंद्र सरकार के कानून में ऐसी कोई शर्त नहीं है कि अगर किसी बच्चे के पिता का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो उसका जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन सकता. Registration of Births and Deaths Act की धारा 8 के मुताबिक जन्म की जानकारी रजिस्ट्रार को कौन देगा और किन जानकारियों को दर्ज किया जाएगा. कानून में माता-पिता/अन्य निर्धारित व्यक्ति द्वारा जन्म की सूचना देने की व्यवस्था है; पिता के मतदाता होने को जन्म प्रमाणपत्र की अनिवार्य शर्त नहीं बनाया गया है.

कूचबिहार का मामला पश्चिम बंगाल का है. बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी बेची का जन्म कूचबिहार के सरकारी अस्पताल में हुआ. जहां West Bengal Registration of Births and Deaths Rules, 2000 लागू है. पश्चिम बंगाल सरकार के 2022 के आदेश के मुताबिक सरकारी अस्पताल में हुए जन्म का Birth/Death Certificate उसी सरकारी अस्पताल के माध्यम से जारी किया जाता है.
बच्ची का जन्म सरकारी अस्पताल में हुआ है और जन्म की मेडिकल सूचना अस्पताल के पास है, इसलिए उसके पिता का वोटर लिस्ट में नाम न होना उसके जन्म प्रमाणपत्र जारी करने में तकनीकि रूप से बाधा नहीं बनना चाहिए, जब तक कि ये साबित न हो जाए कि संबंधित व्यक्ति देश का नागरिक नहीं है और उसने गलत प्रपत्रों के जरिए अपने दस्तावेज तैयार कराए हैं.
कूचबिहार वाले मामले में बच्ची के पिता का कहना है कि उनसे पहले निवास प्रमाणपत्र मांगा गया. उनका आरोप है कि SIR में नाम हटने के कारण पंचायत/MLA कार्यालय ने वह प्रमाणपत्र जारी नहीं किया.
SIR का उद्देश्य वोटर लिस्ट को फिर से सत्यापित करना है, बर्थ सर्टिफिकेट जारी करना नहीं. पश्चिम बंगाल में हुए SIR में BLO को पुराने SIR रिकॉर्ड यानी 2003 के पुराने मतदाता रिकॉर्ड से नाम/पहचान की जानकारी क्रॉस चेक करने को कहा गया था. जिनकी जानकारी पुराने रिकॉर्ड से मैच नहीं हुई, उन्हें आगे की जांच के लिए नोटिस दिया गया. जो लोग पहले पेपर नहीं जमा कर पाए उनके नाम कट गए. बाद में निर्वाचन आयोग ने नियम लचीले किए तो कई राज्यों में हटाए गए नाम वोटर ड्राफ्ट लिस्ट में जोड़े जा चुके हैं.
पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी के आधिकारिक SIR दस्तावेज में साफ है कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में पात्र मतदाता के नाम को शामिल करने के लिए आवेदन किया जा सकता है. Form 6 का इस्तेमाल inclusion के लिए और Form 7 नाम हटाने/आपत्ति के लिए किया जाता है. 16 दिसंबर 2025 के आधिकारिक प्रेस नोट में कहा गया कि Draft Roll से किसी नाम को बिना notice और ERO/AERO के speaking order के हटाया नहीं जा सकता है.
कूचबिहार वाले मामले में बच्ची की मां अमीना खातून का नाम मतदाता सूची में बरकरार है, परिवार के पास माता-पिता के जन्म प्रमाणपत्र भी मौजूद हैं, ऐसे में अपील सही पाए जाने के बाद बच्ची के पिता का नाम वापस जुड़ सकता है.
पीआरएस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 2003 में हुए केंद्र सरकार के कानून में संशोधन के तहत कूचबिहार मामले में बच्ची के पिता के पास अपील का अधिकार है. बच्ची के पिता उसका बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने की कोशिश कर रहे हैं. यानी मामला अभी विचाराधीन है.