Weather Update 28 November: तमिलनाडु-केरल में बरसेंगे बादल, दिल्ली-यूपी में घने कोहरे की मार, राजस्थान में चलेगी शीतलहर!
Weather Update 28 November: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 नवंबर के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के बदले मिजाज की चेतावनी जारी की है. आइए जानते हैं कहां कैसा मौसम रहेगा...
Weather Update 28 November: भारत में सर्दियों ने दस्तक दे दी है. कहीं बारिश तो कहीं घना कोहरा देखा जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 28 नवंबर को देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे. एक तरफ जहां दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर चलेगा, तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा परेशानी बढ़ाएगा. इसके अलावा राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में शीतलहर चलने से ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है.
28 नवंबर को पूर्वी हवाओं के प्रभाव के चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. केरल, माहे, लक्षद्वीप में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 50 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती है.
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश और तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है. IMD ने बताया है कि दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले सात दिनों (2 से 3 दिसंबर तक) रुक-रुककर बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है.
अंडमान और निकोबार में कैसा रहेगा मौसम?
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 28 और 29 नवंबर को छिटपुट बारिश होगी, जो 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच अपना दायरा बढ़ा सकती है. 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में शनिवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिल्ली-एनसीआर के साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 28 और 29 नवंबर को सुबह के समय घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश में भी 1 दिसंबर तक घना कोहरा परेशान करेगा.
यूपी में घना कोहरा, बिहार में शुष्क रहेगा वेदर
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि मॉर्निंग टाइम पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. रात और सुबह के तापमान में गिरावट के चलते ठंड भी बढ़ेगी, जिससे वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण सावधानी बरतना होगी.
बिहार में बारिश या शीतलहर का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस होगा. पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में भी अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
पूर्वोत्तर के राज्यों में कोहरा छाएगा
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 और 29 नवंबर की सुबह घना कोहरा छाने का अलर्ट है. मॉर्निंग टाइम दृश्यता कम होने से सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.