App

लंबे वीकेंड का क्रेज: नैनीताल से मैसुरु तक उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, होटल के बढ़े दाम; सड़कों पर लगी लंबी कतारें

First Weekend of October 2026 Travel News: लंबे वीकेंड का लोगों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. नैनीताल से मैसुरु तक पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है. जिससे होटलों के दाम बढ़ गए हैं और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं.

लंबे वीकेंड का क्रेज: नैनीताल से मैसुरु तक उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, होटल के बढ़े दाम; सड़कों पर लगी लंबी कतारें

First Weekend of October 2026 Tourism News: घुमक्कड़ी हम भारतीयों के स्वभाव में है. छुट्टियों का कोई भी मौका आए तो उसे कैश करने में भारतीय पीछे नहीं रहते. अब 3 दिन के वीकेंड को ही देख लीजिए, जिसे लोगों ने पूरी तरह भुना लिया है. नैनीताल से लेकर मैसुरु तक पर्यटक स्थलों पर अचानक भारी भीड़ हो गई है. इसके चलते वहां पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है और पुलिस को लोगों से न आने की अपील करनी पड़ी है.

नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़

उत्तराखंड के नैनीताल पहुंचे एक पर्यटक ने कहा, 'मैं पानीपत, हरियाणा से हूं. हम यहां दो-तीन दिन पहले आए थे. हम सीधे नैनीताल नहीं आए बल्कि इससे पहले सीधे अल्मोड़ा गए. वहां का मौसम बहुत ही शानदार और बेहद शांत था. उसके बाद, हमने वहां कई मंदिरों के दर्शन किए. फिर हम लगभग 30 किलोमीटर और आगे जागेश्वर धाम मंदिर गए, जहां हमें सचमुच बहुत अच्छी वाइब्स मिलीं. इसके बाद हम घूमने के लिए नैनीताल पहुंचे लेकिन यहां पर काफी भीड़ मिली है.'

नैनीताल के एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने कहा, '2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी थी. जबकि इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी है. यही वजह है कि 3 दिन लंबे वीकेंड का फायदा उठाकर नैनीताल के पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं.

हरिद्वार-रिषीकेश में भी पर्यटकों का तांता

उन्होंने कहा कि अचानक बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़ने से शहर के बाहरी इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. इसके चलते लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है. हालात को संभालने के लिए पुलिस की पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है. थानों और चौकियों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

ऐसा ही हाल हरिद्वार और रिषीकेश का भी है. तीन दिन की छुट्टियों का फायदा उठाकर बड़ी संख्या में दिल्ली-एनसीआर के लोग गंगा की नगरी पहुंच गए हैं. मौसम भी सुहावना बना हुआ है, जिससे लोगों को घूमने में आनंद आ रहा है. एकाएक भीड़ बढ़ने से होटल और गेस्ट हाउसों के रेंट भी बढ़ गए हैं.

कुल्लू-मनाली में गाड़ियों का लगा जाम

हिमाचल प्रदेश में भी लंबे वीकेंड का फायदा उठाकर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हुए हैं. कुल्लू-मनाली में गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं. बाजारों में भीड़ एकाएक बढ़ गई है. इसी तरह शिमला में भी घूमने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है, जिससे वहां भी ट्रैफिक जाम का माहौल है. लोगों को गाड़ियां पार्क करने के लिए जगह नहीं मिल रही है, जिससे उनका घूमने का प्लान खराब होता दिख रहा है.

दक्षिण भारत में भी ऐसे ही हालात नजर आए. लंबे वीकेंड की वजह से शुक्रवार दोपहर से ही बेंगलुरु-मैसूर राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला. गांधी जयंती की छुट्टी होने की वजह से लोग सुबह ही घूमने के लिए घर से निकल गए थे. जिसके चलते सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया. अब जब लोग रविवार शाम को अपने घरों को वापस लौटेंगे तो एक बार फिर सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिलने वाली है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More