SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Weather Update: आज ओडिशा से टकराएगा चक्रवाती तूफान 'अकवान', 100km की स्पीड से चलेगी हवा; आंध्र प्रदेश समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में एक्टिव चक्रवाती तूफान 'अकवान' ओडिशा के तट से टकराने के लिए आगे बढ़ रहा है. यह आज दोपहर गोपालपुर और पुरी के बीच लैंडफॉल कर सकता है. ऐसे में 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी.

Written By Shruti Kaul
Published: Nov 20, 2026, 07:04 IST | Updated: Nov 20, 2026, 07:18 IST
Join

Today Weather Update: देशभर में आज शुक्रवार ( 20 नवंबर 2026) से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हुआ  चक्रवाती तूफान 'अकवान' अब उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश में दोपहर तक यह नरसापुर से पुरी के बीच गोपालपुर के आसपास कभी भी टकरा सकता है. इस दौरान 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवा चल सकती है.  

चक्रवाती तुफान के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठने का खतरा बना हुआ है. इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य भारत और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, और यूपी में भी घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया.      

'अकवान' का लैंडफॉल

IMD के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' पिछले 6 घंटों के दौरान 19 किमी प्रति घंटे की स्पीड से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है. यह कल (19 नवंबर 2026) को रात 11 बजकर 30 मिनट पर इसी क्षेत्र में, 17.1° उत्तर अक्षांश (North Latitude) और 85.1° पूर्व देशांतर (East Latitude) के पास स्थित था. यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से लगभग 170 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 200 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 240 किमी दक्षिण और ओडिशा के पुरी से 310 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और आंध्र प्रदेश के नरसपुर से 370 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व की दूरी पर था. 

'अकवान' के  उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ना जारी रखने और 20 नवंबर 2026 की दोपहर तक गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है. इस दौरान हवा की स्पीड 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. यह 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है.  

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, आज शुक्रवार ( 20 नवंबर 2026) को पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़,  बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल,कर्नाटक और ओडिशा में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है. 

इसके अलावा यूपी, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और बिहार में ठंडी हवा के साथ कोहरा देखने को मिल सकता है. इस दौरान तेज बारिश की भी आशंका है.  

दिल्ली में बिगड़ेगा मौसम?

दिल्ली की बात करें तो यहां आज (20 नवंबर 2026) मौसम ठंड रहने वाला है. इस दौरान घना कोहरा भी छाए रहेगा और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. वहीं, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.  

प्रदूषण की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों में AQI थोड़ा ठीक हुआ है. आज भी इसमें काफी गिरावट देखी गई. दिल्ली में आज AQI 271 है. ऐसे में लोगों को जहरीली हवा से थोड़ी बहुत राहत देखने को मिल सकती है. आनंद विहार में AQI 268, चांदनी चौक में 331, IGI एयरपोर्ट में 276 और अशोक विहार में AQI 261 रहा.   

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में शीतलहर: ठंड का कहर, शोपियां-लेह में दिखा ट्रेलर; अगले हफ्ते माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़कने की चेतावनी

यूपी-बिहार में छाएगा घना कोहरा

उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर, हरदोई, ज्योतिबाफुले नगर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, फिरोजाबाद, पीलीभीत, श्रावस्ती, मैनपुरी, बहराइच, आजमगढ़, बिजनौर, बरेली, रामपुर, बदायूं, सीतापुर, गाजीपुर, सोनभद्र, आगरा, मथुरा, गोरखपुर, प्रयागराज, सहारनपुर और कानपुर में घना कोहरा और ठंडक रह सकती है. इस दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवा चल सकती है. बिहार की बात करें तो यहां कैमूर, गोपालगंज, सारण, समस्तीपुर, पूर्णिया, मुंगेर, अररिया, पटना, गया, जहानाबाद, कटिहार, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, रोहतास, खगड़िया, किशनगंज और बेगूसराय में बारिश-आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.    

पहाड़ों में बारिश का अलर्ट

पहाड़ों की बात करें तो उत्तराखंड में देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और बागेश्वर में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया था. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवा चल सकती है. हिमाचल प्रदेश में भी आज ( 20 नवंबर 2026) को मंडी, कांगड़ा, लाहौल स्पीति, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में भीषण ठंड-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया. वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी रामबन, डोडा, राजौरी, अनंतनाग, सांबा और पुंछ में भारी बारिश-आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES