App

तिरुपति बालाजी के दरबार में गोल्ड का महासमर्पण: 45 आभूषण, 9 सेट में 121 किलो सोना... CM नायडू की मौजूदगी में चढ़ेगी करीब 160 करोड़ की भेंट

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम में विराजमान वेंकटेश्वर स्वामी के दरबार से आस्था और समर्पण की दिव्य मिसाल देखने को मिली है. यहां गुरुवार को एक भक्त 121 किलो सोने से तैयार आभूषण मंदिर को अर्पित करने जा रहा है. करीब 150 से 160 करोड़ रुपये कीमत वाली इस भेंट में 45 आभूषण नौ सेट में हैं. दानदाता ने अपनी पहचान गुप्त रखने की इच्छा जताई है.

तिरुपति बालाजी के दरबार में गोल्ड का महासमर्पण: 45 आभूषण, 9 सेट में 121 किलो सोना... CM नायडू की मौजूदगी में चढ़ेगी करीब 160 करोड़ की भेंट
Image Credit: (एआई)

भारत के सबसे समृद्ध मंदिरों में शुमार तिरुपति बालाजी के दरबार में आस्था और वैभव का एक अनोखा संगम देखने को मिलने वाला है. भगवान वेंकटेश्वर स्वामी यानी तिरुपति बालाजी के चरणों में उनका एक भक्त ऐसी भेंट चढ़ाने जा रहा है, जिसकी चर्चा देशभर में रही है. इस गुप्त महादान में एक-दो किलो नहीं, बल्कि पूरे 121 किलो सोने के आभूषणों की भेंट शामिल हैं. भगवान को समर्पित इस बेशकीमती चढ़ावे में 45 आभूषणों के नौ सेट बताए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है. खास बात यह है कि इतना बड़ा दान करने वाले इस भक्त ने अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की अपील की है. ये भेंट मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में TTD को सौंपी जाएगी.

सबसे बड़ा स्वर्ण दान

भगवान दिव्य हैं तो भक्त भी निराले हैं. इस असाधारण दान को TTD के इतिहास में किसी एक व्यक्ति द्वारा दिए गए सबसे बड़े स्वर्ण दान में से एक माना जा रहा है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायजू की मौजूदगी में ये आभूषण औपचारिक रूप से तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को सौंपे जाएंगे. मुख्यमंत्री नायडू सुबह 10 बजे तिरुपति के SV एग्रीकल्चर कॉलेज हेलीपैड पहुंचेंगे. चंद्रबाबू सुबह 10:45 बजे तिरुमाला के गायत्री निलयम पहुंचेंगे. सुबह 11:10 बजे वैकुंठम कतार परिसर (क्यू कॉम्प्लेक्स) के जरिए श्रीवारी के दर्शन करेंगे. तिरुमाला दौरे के बाद, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम के लिए रवाना होंगे.

भेंट में क्या?

 सोने के आभूषण भेंट करने का कार्यक्रम सुबह 11:35 बजे तय है. इन सोने के आभूषणों में श्रीवारी का मुकुट और 'पद्म पादालु' (चरण) शामिल हैं. TTD के अधिकारी भक्त से औपचारिक रूप से ये आभूषण प्राप्त करेंगे. इस खास शुभ अवसर पर टीटीडी के मैनेजमेंट के सभी प्रमुख लोग भी मौजूद रहेंगे. 

सबसे ज्यादा सोना

मां महालक्ष्मी अगर धनाध्यक्षा हैं, तो भगवान विष्णु श्रीनिवास हैं. तिरुपति बालाजी मंदिर में स्वर्ण दान की परंपरा बेहद प्राचीन है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मंदिर में हर महीने औसतन लगभग 100 किलोग्राम सोना चढ़ाया जाता है. टीटीडी के पास कई टन सोना है.

दानदाता की जानकारी

खबरों के मुताबिक दानदाता ने कई साल पहले अमेरिका जाने से पहले अपने बेहतर भविष्य के लिए भगवान वेंकटेश्वर स्वामी से प्रार्थना की थी. आगे चलकर उन्होंने एक आईटी कंपनी शुरू की और एक सफल बिजनेसमैन बने. हाल ही में, अपनी कंपनी में 60% हिस्सेदारी बेचने के बाद उन्हें 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली थी. इसके बाद, अपनी संपत्ति का एक हिस्सा उन्होंने सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करने और भगवान वेंकटेश्वर के प्रति अपना पुराना संकल्प पूरा करने के लिए इस भेंट को देने का फैसला लिया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो