CJP को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं, पुलिस ने किया साफ; दिल्ली आने वाली ट्रेनें रद्द और शराब बिक्री पर भी रहेगी रोक
इंडिया गठबंधन, सीजेपी और अन्य प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई है. नई दिल्ली में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली आने वाली ट्रेनों को भी रद्द किया गया है. CJP के खिलाफ हिट जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है.
एसआईआर को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष पिछले 3 दिन से सड़क पर है. इंडिया ब्लॉक के नेता इस मुद्दे पर शुक्रवार (09 अक्टूबर) को राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी चिंता व्यक्त करेंगे. इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से भी एक बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया गया है. वहीं, सीजेपी के खिलाफ हिट जनता पार्टी सड़क पर उतर गई है, जिसकी ओर से दिल्ली के कनॉट प्लेस में धरना प्रदर्शन किया गया.
इधर, सीजेपी चीफ अभिजीत दीपके के नेतृ्त्व में 10 अक्टूबर को दिल्ली में जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाना है. हालांकि, पुलिस ने यहां पर किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने खुफिया इनपुट और सुरक्षा का हवाला देते हुए किसी भी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया.
पुलिस ने कहा- CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं
दिल्ली की जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार (09 अक्टूबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सीजेपी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है. दिल्ली पुलिस ने कहा कि सीजेपी की ओर से देर से परमिशन मांगी गई, इतने कम समय में प्रदर्शन की इजाजत नहीं दे सकते हैं. सीजेपी ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया. नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस एक्शन लेगी.
दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस की ओर से परमिशन नहीं मिली है. सुरक्षा को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और दिल्ली पुलिस के 45,000 से ज्यादा जवान तैनात हैं. फरवरी 2020 के बाद यह दिल्ली में अर्धसैनिक बलों की यह सबसे बड़ी तैनाती मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि गृह मंत्रालय ने सीएपीएफ की 110 और कंपनियों को मंजूरी दी है. ये जवान जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से आए हैं.
इंडिया ब्लॉक के नेता भी करेंगे प्रदर्शन
एसआईआर के मुद्दे पर लगातार चौथे दिन भी इंडिया ब्लॉक के नेता आज दिल्ली में मार्च निकाल सकते हैं. पहले दिन आकाशवाणी, दूसरे दिन जंतर-मंतर और तीसरे दिन राजघाट पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने प्रदर्शन किया. ऐसे में आज फिर से इंडिया ब्लॉक के नेता जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर सकते हैं. इसको देखते हुए संसद मार्ग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. विपक्षी गुट के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा.
सीजेपी के खिलाफ हिट जनता पार्टी का प्रदर्शन
दिल्ली के कनॉट प्लेस में सीजेपी के खिलाफ हिट जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है. देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले सीजेपी के प्रदर्शन से पहले लाल हिट पार्टी ने आज कनॉट प्लेस में धरना दिया और ज्ञानेश कुमार के पक्ष में नारे लगाए. ये प्रदर्शन ऐसे समय पर हुआ है, जब विपक्षी सांसद लगातार सड़क पर हैं और एसआईआर प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. दिल्ली में अलग-अलग प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पुलिस के 45,000 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है.
#BigNews : कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ दिल्ली के कनॉट प्लेस में लाल Hit जनता पार्टी का बड़ा विरोध प्रदर्शन, मोदी सरकार के समर्थन में उतरी लाल Hit जनता पार्टी लाल Hit जनता पार्टी के लोग बोले - ''यहां मौज मस्ती चल रही धरने के नाम पर देश का मजाक बना दिया, ये पार्टी और इनकी अपशब्द हम बर्दाश्त नहीं करेंगे'' #LalHitJanataParty #CJP #Delhi | @AnjeetLive @RajLaveena @brajeshtiwari_7
— Zee News (@ZeeNews) October 9, 2026
बंद रहेंगी शराब की दुकानें, मीडिया के लिए भी नियम जारी
दिल्ली पुलिस की ओर से मीडिया कर्मचारियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें पत्रकारों से अपील की गई है कि वह अपना आईडीकार्ड हमेशा पहने रखें. इसके साथ ही मीडियाकर्मियों को पुलिस के काम में रुकावट न डालने की सलाह भी दी गई है. दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए शराब की दुकानों को दो दिन के लिए बंद रखने की बात कही गई है.
किसी प्रदर्शन के कारण दिल्ली में शराब की दुकानों को बंद करने का यह पहला मामला है. पुलिसकर्मी दिल्ली में बॉडी-वार्म कैमरा का इस्तेमाल करेंगे. इससे पहले पुलिस पर बदसलूकी के आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस ने फैसला लिया कि अधिक से अधिक फोटो कैप्चर किए जा सके.
दिल्ली आने वाली ट्रेनें रद्द
सीजेपी, LHP और इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है. रेलवे ने 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दिया है. बताया गया है कि ये फैसला सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है.
दिल्ली पुलिस ने 25 एफआईआर दर्ज की
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने 2 अक्टूबर से राजधानी में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में 25 FIR दर्ज की हैं। सूत्रों के अनुसार, ये मामले सार्वजनिक संपत्ति में तोड़-फोड़, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और हाथापाई, सरकारी काम में बाधा डालने और नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा के कथित उल्लंघन से जुड़े हैं.
कश्मीरी युवक से मारपीट मामले में शिकायत दर्ज
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने 'इंडिया' ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान हाल ही में कश्मीरी युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की है. कश्मीरी युवक ने मारपीट के बाद पुलिस में शिकायत दी थी. दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कश्मीरी युवक की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. बताया जाता है कि शिकायतकर्ता ने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रशंसक बताया और आरोप लगाया कि गुरुवार को जब वह प्रधानमंत्री की तस्वीर लेकर विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंचा, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की.