टाइगर श्रॉफ फायरिंग केसः लॉरेंस गैंग में 'वूमेन बिग्रेड' का बड़ा खुलासा! राधा-बबीता के बाद एक और महिला गिरफ्तार
अभिनेता टाइगर श्रॉफ हुए जानलेवा हमले मामले में पुलिस ने एक और महिला को हिरासत में लिया है. इससे पहले 2 महिलाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है. दोनों यूपी की रहने वाली हैं और मुंबई के दादर में रहती थीं. उन पर शूटरों को हथियार पहुंचाने का आरोप है.
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ हुए जानलेवा हमले मामले में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में मुंबई पुलिस ने एक और महिला को हिरासत में लिया है. इससे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 2 महिलाओं के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम कुणाल, सुमित, राधा और बबीता बताए थे. वहीं, जिस तीसरी महिला को हिरासत में लिया गया है, उसे पूछताछ के लिए एंटी-एक्सटॉर्शन सेल लाया गया है. क्राइम ब्रांच ने अभी तक यह नहीं बताया है कि इस मामले से उसके कथित संबंध किस तरह के हैं. जानकारी के मुताबिक, पुलिस मामले की आगे जांच कर रहे हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
लॉरेंस गैंग में 'वूमेन बिग्रेड' का बड़ा खुलासा!
इस वारदात में महिलाओं की भी अहम भूमिका सामने आई है. पुलिस ने जिन दो लड़कियों (राधा और बबीता) को गिरफ्तार किया है, आरोप है कि वे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों को हथियार पहुंचाने का काम करती हैं. दोनों यूपी की रहने वाली हैं और मुंबई के दादर में रहती थीं. आरोप है कि टाइगर श्रॉफ के हमलावरों तक इन लड़कियों ने ही हथियार पहुंचाया था. वहीं, हथियारों का इंतजाम सुनित और कुणाल ने किया था.
इससे पहले भी इस गैंग की कई लड़कियां अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार हो चुकी हैं. इसी साल पुलिस ने दिल्ली के महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग में उसे 'मैडम जहर' के नाम से जाना जाता है. वह इस गैंग का ड्रग्स सिंडिकेट संभालती थी. इसी तरह से साल 2024 में लेडी डॉन अनु ढांडा को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने उसे एक हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया था.
टाइगर केस में अब तक कितने गिरफ्तार
- फूल सिंह (सोनीपत, हरियाणा)
- ऋतिक कुमार (बेगूसराय, बिहार)
- रेहान पुत्र रिशुद्दीन अंसारी (सोनीपत, हरियाणा)
- कुणाल (सोनीपत, हरियाणा)
- सुमित
- राधा वर्मा (सीतापुर, यूपी)
- बबीता राज (आजमगढ़, यूपी)
- अंकित खटिक
- समीर (आर्म्स डीलर का आरोप, निवासी- सोनीपत, हरियाणा)
- जतिन (आर्म्स डीलर का आरोप, निवासी- सोनीपत, हरियाणा)
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: टेक्नोलॉजी और ह्युमन चेन की हाई-टेक साजिश, हमलावरों ने की थी गजब तैयारी!