)
तेलंगाना में एक महिला ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी. इसके बाद उसकी लाश को ठिकाने लगाने झील में फेंक दिया, ताकि इस घटना को हादसा दिखाया जा सके. हालांकि बांसवाड़ा की पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए महिला सविता समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. उधर मृतक की पहचान 26 साल के चकली उर्फ गुम्मडी काशीराम के रूप में हुई. चकली, बांसवाड़ा मंडल के हनमाजिपेट गांव का रहने वाला था. वो दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था.
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 की रात काशीराम का शव हनमाजिपेट गांव के बाहरी इलाके में स्थित तालाब में मिला था. पहले मृतक के पिता चकली भूमैया की शिकायत के आधार पर बांसवाड़ा पुलिस स्टेशन में संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया था.
हालांकि, जांच के दौरान और पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को पता चला कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है. इसके बाद केस में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 जोड़कर जांच को विस्तार दिया गया. अब पुलिस ने जांच तेज करते हुए मौके का मुआयना करते हुए गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी सबूतों की मदद ली है.
30 अक्टूबर को पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हनमाजिपेट गांव से 3 लोगों को हिरासत में लिया. आरोपियों की पहचान 26 साल के चिंताकिंडी रामू, 25 साल के पसुपुला संतोष और 25 साल की गुम्मडी सविता के रूप में हुई. रामू दिहाड़ी मजदूर है, जबकि संतोष ट्रैक्टर चालक है. दोनों हनमाजिपेट के रहने वाले हैं.
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक, सविता के रामू और संतोष दोनों के साथ अवैध संबंध थे. वो अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी. इसके लिए उसने दोनों आशिकों के साथ मिलकर उसकी हत्या करके रास्ते से हटा दिया.
योजना के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात तीनों काशीराम को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गए. जब वह नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तब रामू ने नायलॉन की रस्सी से उसका गला घोंट दिया. इस दौरान संतोष ने उसके हाथ पकड़ रखे थे, ताकि वो भाग न सके.
हत्या के बाद तीनों ने काशीराम का शव तालाब में फेंककर अपराध से जुड़े बाकी सबूत मिटाने की भी कोशिश की. लेकिन कोई अपराधी चाहे कितनी कोशिश कर ले वो कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता. पुलिस ने जांच में तेजी लाते हुए इस वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर लिया है.