SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पत्नी को फंसाने चला था पति, खुद निकला कातिल... 5 फीट नीचे दफन मिले 3 कंकाल; रूह कंपाने वाला ट्रिपल मर्डर

यह मामला गुजरात के सूरत का है. यहां 4 साल बाद तीन महिलाओं के कत्ल का राज खुला है. आरोपी का घर कोसांबा के वडफालिया इलाके में था, जिसके आंगन की खुदाई कराने पर वहां से इंसानी कंकाल निकले हैं. आइए जानते हैं क्या है इस ट्रिपल मर्डर केस के बारे में...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 01, 2026, 10:29 PM IST | Updated: Oct 01, 2026, 10:35 PM IST
Image Credit: AI जनरेटेड इमेज: सूरत में ट्रिपल मर्डर का खुलासा.
Join

सोचिए, जिस आंगन में आप रोज उठते-बैठते हों, चाय पीते हों, उसी फर्श के ठीक 5 फीट नीचे किसी की लाश दफन हो तो? सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं, यह किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म की कहानी नहीं बल्कि गुजरात के सूरत में ठीक ऐसा ही हुआ है. यहां 4 साल तक सब यही समझते रहे कि घर की बुजुर्ग नानी कोरोना में चल बसीं. लेकिन सच यह था कि नानी को मारकर प्लास्टिक के ड्रम में डाला गया, उसमें सीमेंट का घोल भरा और पूरा ब्लॉक आंगन में 5 फीट नीचे दफना दिया गया. कत्ल के बाद नानी की लाश को ड्रम में ठूंसकर तीन बोरी सीमेंट घोल दिया गया. फिर उस भारी-भरकम सीमेंट के ब्लॉक को आंगन में गाड़कर ऊपर से पक्का फर्श बना दिया.

बात सिर्फ नानी तक नहीं थमी. उसी एक साल के अंदर परिवार की दो और बीमार औरतों की मौत की कहानी गढ़ी गई, लेकिन सच यह था कि उन्हें तकिए से मुंह दबाकर मार दिया गया था. यह खौफनाक राज कभी बाहर नहीं आता, अगर पति-पत्नी के बीच झगड़ा न होता. झगड़े के बाद खुन्नस खाया पति बीवी से बदला लेने के चक्कर में उसे फंसाने के लिए थाने पहुंच गया, उसके बयानों पर पुलिस को डाउट हुआ और फिर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो पति ने ऐसा राज खोला, जिसने हर किसी को चौंका दिया. जब घर के आंगन की खुदाई कराई तो जमीन के अंदर से जो निकला, उसने पुलिसवालों के भी होश उड़ा दिए.

                                                पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पति और पत्नी

यह मामला सूरत के कोसांबा का है. वडफालिया इलाके में मौजूद एक घर से पुलिस को तीन महिलाओं के कंकाल मिले हैं. पुलिस ने बताया कि यह तीनों कत्ल माधवदास और उसकी पत्नी उर्मिला ने मिलकर किए थे. जिनका कत्ल हुआ उनमें उर्मिला की नानी शांताबेन, उसकी बहन भगवतीबेन और माधवदास की अपनी मां मंजुलाबेन शामिल हैं. अब आपको ये भी जान लेना चाहिए कि आखिर इनके कत्ल क्यों और कैसे किए गए और खुलासा कैसे हुआ....

पहली हत्या (25 फरवरी 2022)

माधवदास और उर्मिला ने सबसे पहले उर्मिला की बहन भगवतीबेन वसावा को मौत के घाट उतारा. पुलिस के अनुसार, वो टीबी की बीमारी से जूझ रही थीं. जब वो नींद में थीं तभी तकिए से उनका मुंह दबाकर दम घोंट दिया गया और पड़ोसियों को बताया कि उनकी मौत बीमारी के चलते हो गई और फिर शव को दफना दिया.

दूसरी हत्या (19 जुलाई 2022)

इस बार माधवदास ने अपनी मां मंजुलाबेन को मार दिया. पुलिस ने बताया कि वो लकवे (पैरालिसिस) का शिकार थीं और बिस्तर पर पड़ी रहती थीं. आरोप है कि इस पति-पत्नी ने मिलकर तकिए से उनका भी मुंह दबा दिया और सांसें रोक दीं. दुनिया की नजरों में इसे भी बीमारी से हुई मौत बताकर अंतिम संस्कार कर दिया गया.

तीसरी हत्या (7 अक्टूबर 2022)

तीसरी हत्या उर्मिला की बुजुर्ग नानी शांताबेन की हुई. पुलिस के अनुसार, सोते समय उनका भी तकिए से मुंह दबाया गया. फिर उनकी लाश को बेहद खौफनाक तरीके से ठिकाने लगाया. शव को पहले एक बड़े प्लास्टिक के ड्रम में ठूंसा, फिर उसे सीमेंट से सील कर दिया. फिर करीब साढ़े तीन महीने बाद दोनों ने ड्रम को खोलकर शव को सीमेंट के ब्लॉक समेत घर के बरामदे में खोदे गए गड्ढे में दफना दिया. ऊपर से सीमेंट की परत भी डाल दी, ताकि किसी को शक ना हो. रिश्तेदारों को बता दिया कि उनकी मौत कोरोना के चलते हुई है, क्योंकि साल 2022 में कोरोना का कहर था. इस तरह शव परिजनों को नहीं दिए जाने का बहाना बनाकर मामला दबा दिया.

          जिन महिलाओं का कत्ल किया गया उन तीनों की फोटो

कैसे खुला राज?

ये राज शायद कभी ना खुलता, अगर पति-पत्नी के बीच विवाद ना होता. हुआ ये कि माधवदास और उसकी पत्नी उर्मिला आपस में लड़ गए. गुस्साया पति सीधे पुलिस के पास पहुंचा और उसने पत्नी को फंसाने की झूठी कहानी सुना डाली. उसने पुलिस से कहा कि नानी शांताबेन का कत्ल उसकी पत्नी उर्मिला और उसके चचेरे भाई अफजल उर्फ पोटो दीवान ने किया है, जब पुलिस ने अफजल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पता चला कि उसका इस मामले से कोई लेना-देना ही नहीं था. अब पुलिस को माधवदास पर शक हुआ. फिर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वो टूट गया और उसने पूरा राज खोल दिया. उसने कबूल किया कि वह अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदार को जेल भिजवाने के लिए झूठी कहानी गढ़ रहा था. फिर उसने एक के बाद एक तीनों हत्याओं की कहानी सुनाई और बताया कि कैसे उसने और उर्मिला ने मिलकर तीनों को मारा था.

आंगन का फर्श तोड़ते ही निकले कंकाल

माधवदास ने जब कबूल कर लिया तो पुलिस उसे लेकर उसके घर गई. घर के आंगन में सीमेंट का पक्का फर्श था. जब उसकी मोटी परत तुड़वाई गई और 5 फीट गड्ढा खोदा गया तो इंसानी कंकाल निकले, जिन्हें देख हर कोई हैरान रह गया. अब पुलिस ने कंकालों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. इस खुलासे के बाद पड़ोसी हैरान हैं, क्योंकि वो सभी ये मानकर चल रहे थे कि नानी की मौत कोरोना की वजह से हुई थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES