SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महाराष्ट्र में पर्दे के पीछे का खेल जारी! परिसीमन पर सुप्रिया सुले की 'सीक्रेट हां' ने बढ़ाई कांग्रेस-उद्धव की धड़कनें

परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन के अंदर बड़ी टूट देखने को मिल रही है. शरद पवार की पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक पर टिप्पणी देते हुए कहा कि पहले विधेयक को पेश होने दीजिए, हो सकता है कि यह अच्छा हो.

Written By K. Raj Mishra
Published: Nov 26, 2026, 08:45 IST | Updated: Nov 26, 2026, 09:35 IST
Image Credit: परिसीमन पर MVA में दरार! (Photo- Zee Media)
Join

मोदी सरकार दिसंबर के पहले सप्ताह में ही शीतकालीन सत्र बुलाने का विचार कर रही है. सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्रियों को 15 दिसंबर तक विदेश यात्रा या अन्य किसी दूसरे कार्यक्रम ना बनाने की सलाह दी गई है. सरकार की इस एडवाइजरी के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. सियासी गलियारों में चर्चा है कि सरकार इस शीतकालीन सत्र में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को पेश कर सकती है. सियासी अटकलबाजी के बीच परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन के अंदर बड़ी टूट देखने को मिल रही है. महाविकास अघाड़ी (MVA) में शामिल शरद पवार की पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले के एक बयान से विपक्षी गठबंधन में टकराव शुरू हो गया है. दरअसल, NCP (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक पर टिप्पणी देते हुए कहा कि पहले विधेयक को पेश होने दीजिए, हो सकता है कि यह अच्छा हो.

 

 

सुप्रिया सुले ने किया परिसीमन का समर्थन?

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पूरा विधेयक हमारे हाथ में आने दीजिए. एक बार जब यह हमारे पास आ जाएगा, तो हम इस पर चर्चा कर सकते हैं और हो सकता है कि यह एक अच्छा विधेयक साबित हो. सुले ने आगे कहा कि देश में ऐसे कई मौके आए हैं जब विपक्ष और सत्ता पक्ष ने राष्ट्रीय हित में कानून पास करने के लिए मिलकर काम किया है. इस मामले पर विपक्षी रणनीति क्या होगी, इसका खुलासा करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि इस विषय पर अभी किसी ने उनसे बात नहीं की है. उन्होंने कहा कि ना तो किसी का फोन आया है और न ही उन्हें परिसीमन प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी दी है. सुले ने कहा कि केवल कपिल सिब्बल का फोन आया था. इसके अलावा किसी और का कोई फोन नहीं आया है.

सुले के बयान पर भड़की उद्धव सेना

सुले के इस बयान को परिसीमन बिल के समर्थन का संकेत माना जा रहा है. वहीं, उनके इस बयान पर उद्धव ठाकरे की पार्टी और कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं. उद्धव ठाकरे पार्टी के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने साफ कहा कि अगर कोई डीलिमिटेशन बिल का समर्थन करता है, तो उसे इंडिया अलायंस से बाहर चले जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक में इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए.

बयान पर कांग्रेस ने भी जताई नाराजगी

कांग्रेस ने भी संजय राउत के बयान का समर्थन किया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हुसैन दलवाई ने कहा कि संजय राउत बिल्कुल सही कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि डीलिमिटेशन पर सु्प्रिया सुले को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर कोई बिल को समर्थन देना चाहता है, तो फिर उसे इंडिया ब्लॉक से बाहर चला जाना चाहिए. उधर, शरद पवार की पार्टी ने कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव गुट) की टिप्पणी पर नाराजगी जताई है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि गठबंधन में सहयोगियों के लिए इस तरह की बयानबाजी करना सही नहीं है.

ये भी पढ़ें- सत्र की सुगबुगाहट, दिल्ली में बढ़ी आहट: मंत्रियों को विदेशी दौरे रद्द करने का फरमान, क्या है मोदी सरकार का दिसंबर प्लान?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES