SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महाराष्ट्रः बाबा सिद्दीकी के बेटे को सुनेत्रा पवार ने पार्टी में दी बड़ी जिम्मेदारी, अब मुंबई में NCP को मजबूत करेंगे जीशान

महाराष्ट्र के दिवंगत नेता बाबा सिद्दकी के बेटे जीशान सिद्दकी को NCP (अजीत पवार गुट) में मुंबई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस पर जीशान ने पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार का आभार जताते हुए दिवंगत अजीत पवार के सपने को पूरा करने की बात कही.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 28, 2026, 01:55 PM IST | Updated: Oct 28, 2026, 02:23 PM IST
Image Credit: बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दकी को NCP में मिली बड़ी जिम्मेदारी (Photo- ANI)
Join

महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और NCP (अजीत पवार गुट) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने अपनी पार्टी में बड़ा फेरबदल किया है. सुनेत्रा पवार ने दिवंगत नेता बाबा सिद्दकी के बेटे जीशान सिद्दकी को मुंबई में पार्टी की कमान सौंपी है. इसके अलावा सोलापुर जिला अध्यक्ष उमेश पाटिल को पार्टी का नया राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता घोषित किया गया है. मुंबई एनसीपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर जीशान ने खुशी जताते हुए पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार का आभार जताया. उन्होंने कहा कि वह मुंबई में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम करेंगे और अपने पिता बाबा सिद्दकी व अजीत पवार के सपने को साकार करेंगे. उन्होंने कहा कि अजित दादा के सपने के अनुसार मैं आज अपने पिताजी बाबा सिद्दीकी को याद करते हुए इस जिम्मेदारी स्वीकारता हूं.

पार्टी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया

उन्होंने कहा कि मैं डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और प्रफुल्ल पटेल समेत पूरी पार्टी लीडरशिप का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि उन्होंने मुझे इतना काबिल समझा. अब बारी मेरी है. मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाना है. उन्होंने कहा कि अब मेरी जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है. आगे जो चुनाव आने वाले हैं, उसमें हम कितनी ज्यादा सीटें जीतते हैं और हमारी पार्टी किस तरह बढ़ती है, वह जिम्मेदारी मेरी है और मैं उसे बखूबी निभाकर दिखाऊंगा.

पार्टी में सदस्यता अभियान शुरू करेंगे

मुंबई में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए जीशान सिद्दकी ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुंबई अध्यक्ष पद पर रहकर मैं सबके लिए काम करूंगा. युवाओं और वरिष्ठों को साथ लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का झंडा मुंबई में लहराना हमारा कर्तव्य है. परिवार को बढ़ाना हमारा कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग ऐसे हैं, जो पार्टी में प्रवेश करना चाहते थे और इसी पल का इंतजार कर रहे थे. अब वे भी पार्टी के साथ जुड़कर काम करेंगे. उन्होंने कहा कि हर समाज और हर वर्ग के साथ काम करने के लिए वह उत्सुक हैं.

खास पल पर याद आए दिवंगत पिता

इस अवसर अपने दिवंगत पिता बाबा सिद्दकी को याद करते हुए जीशान ने कहा कि मेरे पिताजी आज मुझे देखकर बहुत खुश होते कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मुझे दी गई है. जहां भी होंगे, मुस्कुरा रहे होंगे. उन्हीं को याद करके, अजीत दादा को याद करके मैं आगे बढूंगा. उन्होंने जो मुझे सिखाया है, जो परवरिश दी है, उसी को मद्देनजर रखकर उसी राह पर चलूंगा. एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले पर जीशान ने कहा कि ये सारे जो लोग हैं, मैं उनको बुजदिल ही कहूंगा क्योंकि बुजदिल लोग ही ऐसे वार करते हैं. उन सब पर कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए क्योंकि मुंबई ऐसा शहर नहीं है, जिसमें ऐसा कुछ होना चाहिए.

कानून-व्यवस्था वाले बयान पर यू-टर्न

कुछ दिनों पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उंगली उठाने वाले जीशान अब अपने बयान से पलट चुके हैं. लॉ एंड ऑर्डर पर बात करते हुए जीशान ने कहा कि दोनों मामलों को वह अलग मानते हैं. उनके पिता के मामले में उनकी मांग थोड़ी अलग है, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति तो है ही. उन्होंने कहा कि इंटेलिजेंस को इससे बेहतर काम करना पड़ेगा और जितना ज्यादा सतर्क रहा जाएगा, लोग उतना ही सुरक्षित महसूस करेंगे. उन्होंने कहा कि मुंबई एक ऐसा शहर है, जिसे पूरी दुनिया देखती है. ऐसे में एक उदाहरण पेश करना होगा. उन्होंने कहा कि खासतौर पर उनके पिता बाबा सिद्दीकी के पीछे जो मास्टरमाइंड हैं, उन्हें पकड़कर सजा देना जरूरी है, तभी मुंबई शहर को वास्तव में सुरक्षित महसूस किया जा सकेगा.

रिपोर्ट- आईएएनएस

ये भी पढ़ें- 50% घटेगा ट्रैवल टाइम! 13,856 करोड़ की मुंबई मेट्रो लाइन 12-A को हरी झंडी, जानें पूरा रूट और स्टेशन

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES