'जज साहब 'बाहुबली' बनना बंद करें!' IPS को सजा सुनाने पर भड़का सुप्रीम कोर्ट, कहा - दोबारा लें ट्रेनिंग, जानें क्या है पूरा मामला
न्यायिक आदेशों का पालन न करने पर आईपीएस अधिकारी के खिलाफ अवमानना कार्रवाई करने वाले जज पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को भड़क गया. अदालत ने कहा कि जज को बाहुबली की तरह व्यवहार करने से बचना चाहिए.
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में लोअर कोर्ट के एक जज की आलोचना करते हुए उन्हें बाहुबली की तरह व्यहार करने से बाज आने को को कहा है. कोर्ट ने जज की न्यायिक समझ पर सवाल उठाते हुए उन्हें कानूनों की किताबों को दोबारा पढ़ने के लिए भी कहा. अदालत ने यह भी सुझाव दिया कि जज को ट्रेनिंग के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में भेजना चाहिए.
ये कड़ी टिप्पणियां सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली खंडपीठ ने की. इस खंडपीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिश वी. मोहना भी शामिल थीं. कोर्ट सोमवार को बिहार में रोहतास जिले के अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई कर रही थी. यह अपील रोहताश जिले के एसपी आईपीएस रोशन कुमार ने दायर की थी.
'कानून के प्रति आपकी समझ देकर हमें हैरानी हो रही'
रोहताश जिले के जज अनिल कुमार को फटकार लगाते हुए कोर्ट ने कहा, 'कानून के बारे में आपकी समझ देखकर हमें बहुत हैरानी हो रही है. आपको सबसे पहले BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 का दायरा और सीमा समझनी होगी. अगर कोई कोर्ट में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या निर्देश दिए जाने पर भी अदालत कक्ष से बाहर जाने से मना करता है, तो वह अदालत के समक्ष किया गया अपराध माना जाता है. लेकिन अगर कोई अधिकारी केस दर्ज करने का आदेश दिए जाने के बावजूद उस पर कार्रवाई न करे तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध नहीं बनता है.'
जस्टिस बागची ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा, 'कानून के प्रति आपका ज्ञान बेहद चौंकाने वाला है. आपने इतना आक्रामक रुख अपनाया. जिले के एसपी को कोर्ट में बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी ठहरा दिया. आपका दुस्साहस बहुत हो चुका है. आपको अपने हाथ रोकने होंगे.'
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने जज अनिल कुमार की ओर से पैरवी कर रहे वकील से कहा, 'अपने मुवक्किल से कहें कि वे न्यायिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें.'
क्या था मामला, जिस पर भड़की सुप्रीम कोर्ट?
रोहताश जिले के अपर जिला जज अनिल कुमार ने एक पुराने केस में फर्जी सबूत देने के आरोपी के खिलाफ पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया था. जब इन आदेशों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो जज ने डीएम और एसपी को सम्मन भेजकर कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया. लेकिन वारंट के बावजूद दोनों अधिकारी अदालत में नहीं पहुंचे और न ही कोर्ट के आदेश का पालन किया.
ये भी पढ़ें- अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी: सुवेंदु कैबिनेट ने दी हरी झंडी, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव
इस पर जज अनिल कुमार ने अपने न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए एसपी रोशन कुमार को अदालती निर्देशों की जानबूझकर अवहेलना करने का दोषी ठहराया था. जज ने SP पर 1 रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाते हुए बिहार के डीजीपी को अधिकारी के सेवा रिकॉर्ड में अदालत की टिप्पणियों को दर्ज करने का भी निर्देश दिया था.
जज के खिलाफ एसपी ने दाखिल की थी अर्जी
जज ने अपने आदेश में भारत सरकार के केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय से IAS और IPS अधिकारियों के ट्रेनिंग में सुधार करने का आदेश दिया था, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ बेहतर ढंग से जोड़ा जा सके. इस आदेश को अपने करियर में बाधक मानते हुए आईपीएस रोशन कुमार पटना हाईकोर्ट पहुंचे थे. जहां अदालत ने अवमानना के लिए SP पर जुर्माना लगाने वाले आदेश पर रोक लगा दी थी. लेकिन आदेश देने वाले जज के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी. इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए एसपी रोशन कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल की थी.