SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

SIR विवादः विपक्ष की रैली से व्यापारियों को होगा ₹25 हजार करोड़ का नुकसान! CTI ने राहुल गांधी को लिखा लेटर

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा कि दिल्ली में दिवाली सीजन पर ₹25 हजार करोड़ का कारोबार होता है. यही व्यापार दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. अक्टूबर महीने में पहले ही दिल्ली के व्यापारियों को लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है, इसलिए रैली को स्थगित करने पर विचार करें.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 24, 2026, 09:56 AM IST | Updated: Oct 24, 2026, 01:04 PM IST
Image Credit: राहुल गांधी (File Photo- Zee Media)
Join

राहुल गांधी की विदेश यात्रा के कारण SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मचा सियासी घमासान फिलहाल शांत नजर आ रहा है. हालांकि, यह शांति ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है. कांग्रेस की ओर से आगामी 01 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है. इसमें इंडिया ब्लॉक के तमाम नेता भी शामिल हो सकते हैं. इस रैली के जरिए SIR के खिलाफ एक बार फिर से हुंकार भरी जाएगी. कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित इस रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारी सहमे हुए हैं. व्यापारियों का मानना है कि दिवाली से ठीक पहले विपक्षी दलों के इस आयोजन का असर उनके कारोबार पर पड़ सकता है. इसे लेकर व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने अब राहुल गांधी को लेटर लिखा है. CTI ने राहुल गांधी से 01 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली को स्थगित करने की अपील की है.

10 नवंबर के बाद रैली करने की मांग

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने पत्र में लिखा है कि हमें जानकारी मिली है कि आपकी पार्टी की ओर से आगानी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक महारैली का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कांग्रेस नेता से इस रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिवाली व्यापार अपने पीक सीजन पर है. अगर दिवाली से पहले इस तरह के सियासी कार्यक्रम का आयोजन किया गया तो धनतेरस और दीपावली के व्यापार पर पड़ेगा. उन्होंने राहुल गांधी से अपील की है कि व्यापारियों के हित में 1 नवंबर की रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने पर विचार किया जाए.

दांव पर ₹25 हजार करोड़ का कारोबार

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने अपने पत्र में रैली को स्थगित करने के कई कारण बताए हैं. उन्होंने लिखा कि दिल्ली में दिवाली सीजन पर 25 हजार करोड़ का कारोबार होता है. इस साल 6 नवंबर को धनतेरस है. 8 नवंबर को दीपावली और 10 नवंबर को भैया दूज है. बृजेश गोयल ने लिखा कि लोग एक हफ्ते पहले ही धनतेरस और दीपावली की खरीददारी शुरू करते हैं. उन्होंने कहा कि धनतेरस के दिन ही दिल्ली में सभी सेक्टरों जैसे- सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, ड्राई फ्रूट्स, मिठाईयां,  ऑटोमोबाइल, गाड़ियां, प्रॉपर्टी, गिफ्ट आइटम से संबंधित बाजारों में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है. यही व्यापार दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है.

₹3 हजार करोड़ का नुकसान झेल चुके व्यापारी

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने रैली स्थगित करने का दूसरा कारण बताते हुए लिखा कि अक्टूबर महीने में दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों के कारण व्यापारियों को 3 हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है. उन्होंने कहा कि अक्टूबर महीने में कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और सेंट्रल दिल्ली में लगातार रैलियों, मार्च और रास्ते बंद होने के कारण थोक बाजारों में बाहर से माल आना बंद हो गया था और रिटेल में ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे थे. इससे दिल्ली के व्यापारियों को लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है.

रामलीला मैदान के आस-पास कितनी बाजारें?

उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान के 5 किमी के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, कश्मीरी गेट, नया बाजार, मोरी गेट, किनारी बाजार, दरीबा, दरिया गंज, अजमेरी गेट, जामा मस्जिद, झंडेवालान,  करोल बाग, नबी करीम, आजाद मार्केट,  लाजपत राय मार्केट आदि दिल्ली की सबसे ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध होलसेल एवं रिटेल बाजार स्थित हैं. इन बाजारों से पूरे भारत में माल जाता है. रैली के कारण ट्रैफिक डायवर्जन, मेट्रो स्टेशन बंद और बैरिकेडिंग से इन बाजारों का काम पूरी तरह ठप्प हो जाएगा.

पूरे भारत में होती है सप्लाई

इसके अलावा पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भी रामलीला मैदान से  नजदीक ही हैं. प्रतिदिन लाखों व्यापारी और खरीददार इन स्टेशनों के माध्यम से दिल्ली आते-जाते हैं. रैली के दौरान रास्ते बंद होने और भीड़ के कारण दिल्ली के बाहर से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो सकती है और बाहर से आने वाले खरीदार डर के कारण दिल्ली में आने से परहेज कर सकते हैं, जिसका सीधा असर धनतेरस और दीपावली के व्यापार पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि हम लोकतांत्रिक मूल्यों और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन हमारा आपसे अनुरोध है कि दिवाली सीजन में बड़ी रैलियों का आयोजन न किया जाए.

रैली को लेकर कांग्रेस ने क्या कहा?

वहीं, इस रैली को लेकर कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 1 नवंबर को भारत की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होने जा रही है. यह रामलीला मैदान में आयोजित होगी और इसके साथ एक मार्च भी निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि मोदी और अमित शाह मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार के पद का दुरुपयोग करके, चुनाव से जुड़े मामलों में गड़बड़ियां कर रहे हैं. अब कैबिनेट सचिव के नोट से इस बात की पुष्टि हो गई है.

ये भी पढ़ें- सियासी तंज: 'जनेऊधारी शिवभक्त', ‘सद्दाम जैसी दाढ़ी...' राहुल गांधी के हर अवतार को सुधांशु त्रिवेदी ने बताया सियासी लॉन्च का फेल प्रयोग, वंशवाद से लेकर वियतनाम यात्रा तक घेरा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES