'पार्टी जरूरी, समर्थन मजबूरी': डिलिमिटेशन पर शरद पवार ने क्यों लिया यू-टर्न? कांग्रेस से बयां किया हाल-ए-दिल
डिलिमिटेशन पर शरद पवार के बदले रुख से सभी हैरान हैं. विपक्षी गठबंधन में मचे घमासान के बीच खबर सामने आई है कि शरद पवार ने कांग्रेस आलाकमान के सामने अपना हाल-ए-दिल बयां किया है.
संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में उबाल ला दिया है. शरद पवार ने अपने रुख में परिवर्तन करते हुए परिसीमन बिल को समर्थन करने का ऐलान किया है. डिलिमिटेशन पर शरद पवार के बदले रुख से कांग्रेस और उद्धव ठाकरे दोनों ना सिर्फ हैरान हैं, बल्कि नाराज भी हैं. दोनों दलों ने एनसीपी-एसपी पर महाविकास अघाड़ी को धोखा देने का आरोप लगाया है. महाराष्ट्र कांग्रेस ने तो यहां तक दावा किया कि शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए पार्टी ने अपने हिस्से की एक सीट छोड़ दी थी. अब इस घटनाक्रम में एक नई कहानी सामने आ रही है. विपक्षी गठबंधन में मचे घमासान के बीच खबर सामने आई है कि शरद पवार ने कांग्रेस आलाकमान के सामने अपना हाल-ए-दिल बयां किया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस हाईकमान को संदेश भेजकर परिसीमन बिल को समर्थन करने की वजह स्पष्ट की है. NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस आलाकमान को बताया कि पार्टी को बचाए रखने के लिए परिसीमन बिल का समर्थन करने की मजबूरी है. रिपोर्ट के अनुसार, शरद पवार ने कहा कि उनकी पार्टी के कुछ विधायक और सांसद सत्तापक्ष के संपर्क में हैं. वे प्रस्तावित बिल के समर्थन में बीजेपी के साथ खड़े हैं. पार्टी को बचाने के लिए उन्होंने इस बिल का समर्थन किया है.
बता दें कि शरद पवार के ऐलान से पहले ही उनकी बेटी और NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले ने मीडिया के सामने बिल का समर्थन करने के संकेत दिए थे. उन्होंने कहा था कि पहले बिल को आने दीजिए. बिल के प्रावधान सामने आने पर ही कुछ कहा जा सकता है. हो सकता है कि यह अच्छा हो. उन्होंने आगे कहा कि पहले भी कई बार राष्ट्रहित में विपक्ष ने सरकार का साथ देते हुए कई बिल पास कराए हैं.